अब महिलाओं को दूर से नजर आएगा महिला कोच Muzaffarpur News
महिला कोच की खिड़कियां की जा रही पीले रंग की। कोच खोजने में अब नहीं होगी दिक्कत। मौर्य व पूर्वांचल एक्सप्रेस समेत 11 ट्रेनों के महिला कोच की खिड़कियों का बदलेगा रंग।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। अब ट्रेन की महिला बोगी खोजने में महिला यात्रियों को ज्यादा परेशानी नहीं होगी। इस बोगी की खिड़की का रंग पीला होगा। इससे महिला यात्रियों को दूर से बोगी नजर आ जाएगी। इसकी कवायद शुरू कर दी गई। जानकारी के अभाव में महिला यात्रियों को सामान और बच्चों के साथ अनावश्यक भाग-दौड़ करनी पड़ती है। अधिकतर महिला यात्री इसकी सुविधा से वंचित हो जाती हैं।
महिला बोगी की खिड़कियों का रंग बदलने का दिया आदेश
कई महिलाओं ने वरीय अधिकारी को समस्याओं से अवगत कराया। इस पर रेलवे बोर्ड ने पूर्व मध्य रेलवे को सभी ट्रेनों की महिला बोगी की खिड़कियों का रंग बदलने का आदेश दिया है।
मेंटेनेंस को जाने वाली ट्रेनों में चल रहा कार्य
गोरखपुर में मेंटेनेंस के लिए जाने वाली ट्रेनों कें महिला कोच के दोनों साइड से खिड़कियों पर पीला रंग करके निकालने की कवायद शुरू कर दी गई है। मौर्य और मिथिला एक्सप्रेस के महिला कोच की खिड़कियां पीली कर दी गई हैं। विभिन्न 11 ट्रेनों में कार्य चल रहा है। सप्तक्रांति और पूर्वांचल एक्सप्रेस समेत अन्य सभी ट्रेनों में एक बोगी महिलाओं के लिए सुरक्षित होती है। अन्य बोगियों की तरह यह भी नीले और आसमानी रंग की होती हैं।
दूर से नजर आएगी महिला बोगी डीआरएम ने कहा कि बोर्ड के आदेश पर महिला कोच की खिड़कियों को पीला किया जा रहा है। इससे महिलाओं को दूर से बोगी नजर आ जाएगी। दूसरे से पूछने की जरूरत नहीं पड़ेगी।