Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भाइयों को राखी बांधने गई महिला की नेपाल में मर्डर, सूटकेस में भरकर भेजा शव; ई-रिक्शा चालक गिरफ्तार

    मुजफ्फरपुर के रकसा निवासी रूबी कुमारी की नेपाल में हत्या कर शव को सूटकेस में ठिकाने लगाने के मामले में पुलिस ने एक ई-रिक्शा चालक को गिरफ्तार किया है। रूबी रक्षाबंधन में भाइयों को राखी बांधने नेपाल गई थी और ब्यूटी पार्लर से निकलने के बाद लापता हो गई थी। उसका शव मुड़वलवा गेट पर सूटकेस में मिला था।

    By Prem Shankar Mishra Edited By: Krishna Parihar Updated: Tue, 26 Aug 2025 01:52 PM (IST)
    Hero Image
    अपहरण कर मड़वन की महिला की नेपाल में हुई थी हत्या

    संवाद सहयोगी, मड़वन। पानापुर करियात थाना क्षेत्र के रकसा निवासी शिवसागर साह की पत्नी रूबी कुमारी (26 वर्ष) की नेपाल में हत्या के बाद शव को सूटकेस में बंद कर ठिकाना लगाने के मामले में पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उसके अलावा अन्य आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शीघ्र ही हत्यारों की गिरफ्तारी की बात कही है। रूबी की मां ने अज्ञात पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है।

    rubi murder case

    पति और बच्चे के साथ रूबी 

    विदित हो कि रक्षाबंधन में तुर्किये से आए भाइयों को राखी बांधने पति के साथ मायके नेपाल के गौर बाजार गई रूबी का शव शनिवार रात नौ बजे गौर मुड़वलवा गेट पर संदिग्ध स्थिति में सड़क पर सूटकेस मिला था। शाम छह बजे ब्यूटी पार्लर से निकलने के बाद से ही वह लापता हो गई थी।

    Rubi murder case

    पति के साथ रूबी

    आशंका है कि इसके बाद ही अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई। उसके साथ जबरदस्ती किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है। रूबी का शव रविवार रात को रकसा लाया गया। उसके बाद सोमवार को उसकी अंत्येष्टि की गई।

    पति शिवसागर मड़वन चौक पर नाश्ते की दुकान चलाता है। रूबी को छोड़कर वह आ गया था। रूबी को तीज में वापस आना था, मगर उसकी मौत की सूचना आई।

    खबर मिलते ही ससुराल में कोहराम मच गया। स्वजन की चीख-पुकार से आसपास का माहौल गमगीन हो गया। पूर्व मुखिया प्रतिनिधि इंदल साह समेत अन्य स्वजन शव लाने नेपाल चले गए थे।

    ई-रिक्शा खराब होने से सूटकेस में बंद शव सड़क पर फेंका

    रौतहट जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार, गौर बाजार के ई-रिक्शा चालक लक्ष्मण महरा को गिरफ्तार किया गया है। रूबी के हत्यारे ने शव रखे भारी सूटकेस को ले जाने के लिए महरा को ई-रिक्शा का पांच सौ रुपये भाड़ा दिया था।

    रास्ते में मुड़वालवा गेट पर पहुंचने के बाद ई-रिक्शा का पहिया खराब हो गया। इसके बाद रिक्शे को वापस भेज दिया। सड़क पर ही सूटकेस रखकर भाग गए। जिला पुलिस कार्यालय के डीएसपी राजू कार्की ने बताया रूबी के हत्यारे की तलाश जारी है।

    बताया कि रूबी शनिवार की शाम छह बजे महादेव पट्टी स्थित डेरा से गौर स्थित ब्यूटी पार्लर गई थी। वहां से निकलने के बाद लापता हो गई। रात नौ बजे पुलिस को गौर मुड़वलवा गेट पर संदिग्ध स्थिति में सड़क पर सूटकेस मिला।

    पुलिस ने जब सूटकेस खोला तो रूबी का शव पाया गया। रूबी की मायका रौतहट जिले के माधवपुर में है। गौर बाजार के महादेव पट्टी स्थित किराए के मकान में उसकी मां रहती है। उसके साथ ही रूबी का छह वर्ष का पुत्र रहता है। रूबी यहां बराबार आती-जाती थी।

    पुलिस प्रेम संबंध से भी घटना को जोड़ रही है। हालांकि उनके ससुर इंदल साह ने इससे इनकार किया। रूबी के भाई विजय कुमार ने भी अज्ञात पर ही हत्या की आशंका जताई है। हत्या से पहले रूबी के साथ जबरदस्ती करने की भी आशंका जताई।

    फिलहाल पुलिस आधा दर्जन संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। रूबी के मोबाइल का सीडीआर निकाला जा रहा है। वहीं उस दिन किन-किन लोगों से उसकी बात हुई उसका भी डिटेल्स लिया जा रहा है।

    काफी सुंदर और सुशील थी रूबी

    रूबी की शादी वर्ष 2012 में 12 फरवरी को रकसा के शिव सागर साह के साथ हुई थी। वह काफी सुंदर व सुशील थी। मिलनसार स्वभाव के कारण घर के लोग उसे खूब मानते थे। रूबी दो भाई व तीन बहन थी। दो भाई विदेश तुर्किये और पिता गुजरात में रहते हैं।