Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    SIR से वोटर लिस्ट से नाम ही नहीं कटे, प्यास भी बढ़ गई...मुजफ्फरपुर की पांच हजार की आबादी परेशान

    Updated: Fri, 22 Aug 2025 03:39 PM (IST)

    मुजफ्फरपुर में मतदाता सत्यापन कार्य के चलते नगर निगम के पंप चालक ड्यूटी पर लगाए गए जिससे जलापूर्ति बाधित हुई। वार्ड 24 में पानी न मिलने से लोग परेशान हुए और पार्षद ने नाराजगी जताई। अन्य वार्डों में भी शिकायतें मिलीं जिससे लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ा। अधिकारियों ने जल्द समस्या का समाधान करने की बात कही है।

    Hero Image
    इस खबर में प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

    जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur News: वार्ड 24 के आधा दर्जन मोहल्लों में लोगों के घरों तक नगर निगम का पानी नहीं पहुंचा। इससे पांच हजार की आबादी के सामने पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई।

    निगम द्वारा आपूर्ति पानी जब लोगों को नहीं मिला तो इसकी शिकायत पार्षद शोभा देवी तक पहुंची। लोगों को पहले लगा शायद पंप खराब हो गया है, लेकिन पार्षद प्रतिनिधि एवं पूर्व पार्षद त्रिभुवन राय पंप पर पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने पंप चालक की खोज की तो पता चला उसकी ड्यूटी मतदाता सूची के दावा-आपत्ति को लेकर चल रहे कार्य में लगाई गई है। इसलिए वह तय समय पर पंप नहीं चला सका।

    इससे वार्ड के लोग पूरे दिन पानी के लिए भटकना पड़ा। वही पंप पर ताला लगने से नाराज लोगों ने वहां हंगामा किया। शहर के कई अन्य इलाकों से भी दोपहर में पेयजल आपूर्ति नहीं होने की शिकायत मिली।

    बाद में पता चला कि नगर निगम के सभी 108 पंप चालकों को बीएलओ के सहयोग में लगाया गया है। सुबह की पाली में पांच से नौ बजे तक पंप चलाने के बाद चालकों को 10 बजे से मतदाता सूची के दावा-आपूर्ति कार्य को निपटाने में लगाया गया है।

    इस पर पार्षद ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जलापूर्ति जैसे अनिवार्य सेवा में लगे कर्मचारियों को चुनावी कार्य में लगाया जाना सही नहीं है। इससे पूरे दिन वार्ड के लोगों की नाराजगी उन्हें झेलनी पड़ी।

    पंप चलाने के तय समय के बाद चालकों को इस कार्य को करने को कहा गया है। सभी पंप चालकों को निर्देश दिया गया है कि तय समय पर जरूर पंप को चलाएं। वार्ड 24 में कुछ गलतफहमी के कारण आपूर्ति बाधित हुई। इसे अब सुधार लिया गया है। आपूर्ति शुरू कर दी गई है।

    उपेंद्र कुमार सिंह, प्रभारी जलकार्य शाखा

    सफाई कार्य में भी आ रही बाधा, जगह-जगह लगा कचरे का ढेर

    जलापूर्ति सेवा के साथ-साथ सफाई कार्य बाधित होने की भी शिकायत आ रही है। पार्षदों ने बताया कि वार्डों निरीक्षकों को भी चुनाव कार्य में लगा दिया गया है जिससे वार्डों में चल रहे सफाई कार्य का संचालन बाधित हो रहा है। गली-मोहल्लों में कचरे का ढेर लग गया है।

    पार्षदों का कहना है कि अनिवार्य सेवा में लगे कर्मचारियों को चुनाव कार्य में लगाया जाना पूरी तरह से अनुचित है। वहीं नगर निगम के सफाई प्रभारी कौशल किशोर ने बताया कि सफाई कर्मी अपना काम कर रहे है। उनको चुनाव कार्य में नहीं लगाया गया है। वार्ड जमादारों की सेवा सफाई कार्य के संचालन के बाद ली जा रही है।