Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुजफ्फरपुर नगर निगम कार्यालय में उप नगर आयुक्त से भिड़े वार्ड पार्षद, आयुक्त के बाडीगार्ड से भी नोकझोंक

    Updated: Sat, 20 Sep 2025 12:32 PM (IST)

    मुजफ्फरपुर नगर निगम कार्यालय में वार्ड पार्षद और उप नगर आयुक्त के बीच तीखी नोकझोंक हुई जिसके बाद हाथापाई हो गई। कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया और पार्षद की गिरफ्तारी की मांग की। नगर आयुक्त ने प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया। कर्मचारी संघ ने कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

    Hero Image
    निगम कार्यालय में प्रदर्शन करते कर्मचारी। जागरण

    जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। नगर निगम कार्यालय में शुक्रवार दोपहर तीन बजे उप नगर आयुक्त सोनू कुमार राय से वार्ड 29 के पार्षद सनत कुमार की भिड़ंत हो गई। पहले नोकझोंक हुई और उसके बाद हाथापाई हो गई। बचाव में आए नगर आयुक्त के बाडीगार्ड से भी पार्षद की नोकझोंक हो गई।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    घटना से नाराज नगर निगम के कर्मचारी काम ठप कर अपने-अपने कार्यालय कक्ष से निकल गए और घटना का विरोध किया। इतना ही नहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद निगम के सफाईकर्मी भी काम ठप कर निगम कार्यालय पहुंच गए।

    वहां चल रहे सशक्त स्थायी समिति की बैठक के बाद पार्षद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बताते चलें कि शुक्रवार को निगम कार्यालय में दोपहर तीन बचे से सशक्त स्थायी समिति की बैठक होनी थी।

    इसे देखते हुए वार्ड 15 की पार्षद गणिता देवी एवं उनके पति दीपू सहनी के नेतृत्व में तीन दर्जन महिलाएं अपने वार्ड की समस्याओं को लेकर नगर आयुक्त एवं महापौर के कार्यालय कक्ष के बाहर धरना पर बैठी थीं। धरना की पूर्व से कोई सूचना नहीं दी गई थी।

    जानकारी मिलने के बाद नगर आयुक्त विक्रम विरकर ने उप नगर आयुक्त को उनसे बात करने के लिए भेजा। उप नगर आयुक्त धरना पर बैठी पार्षद एवं वार्ड की महिलाओं के साथ बात कर ही रहे थे तभी वार्ड पार्षद सनत कुमार वहां पहुंचे।

    उप नगर आयुक्त से फाइल रोके जाने का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। देखते-देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इससे निगम कार्यालय में दो घंटे तक अफरातफरी बनी रही। सूचना दिए जाने के बाद नगर थाना अध्यक्ष शरत कुमार भी वहां पहुंच गए।

    इस बीच बैठक से बाहर निकल नगर आयुक्त ने पार्षद की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को समझाया। उन्होंने कर्मचारियों को शांत करते हुए निगम के प्रधान सहायक नूर आलम को उप नगर आयुक्त के साथ हाथा-पाई करने वाले पार्षद के साथ-साथ बिना सूचना धरना पर बैठी वार्ड पार्षद, उनके पति एवं धरना में शामिल लोगों पर नगर थाना में प्राथमिकी का निर्देश दिया।

    साथ ही वहां मौजूद नगर थाना अध्यक्ष को सख्त कानूनी कार्रवाई को कहा। इसके बाद प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी वहां से लौट गए। नगर आयुक्त ने निर्देश के बाद नगर थाना में दोनों पार्षद समेत धरना पर बैठे लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

    वहीं घटना के बाद नगर निगम कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के संयोजक अशोक राय, उप संयोजक सतेंद्र कुमार सिंह ने आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि निगम प्रशासन कुछ नहीं करेगा तो कर्मचारी अपनी सुरक्षा स्वयं करेंगे।

    वार्ड पार्षद सनत कुमार ने मेरे साथ बिना कारण हाथापाई एवं अमर्यादित व्यवहार किया। इस घटना से में व्यथित हूं। इसकी शिकायत अपने संगठन बुसा से करेंगे।

    सोनू कुमार राय, उप नगर आयुक्त

    वार्ड की समस्या को लेकर निगम कार्यालय गए थे। लगातार समस्या रखने के बाद भी मेरी बात नहीं सुनी जा रही थी। उनकी सिर्फ कहा-सुनी हुई। हाथापाई जैसी घटना नहीं हुई।

    सनत कुमार, पार्षद वार्ड 29

    जलापूर्ति योजना का टेंडर नहीं किए जाने एवं योजनाओं को लंबित रखने के खिलाफ वार्ड की जनता के साथ धरना दी। वार्ड के लोग इसके लिए लगातार दबाव डाल रहे थे। हाथापाई करने वाले पार्षद साथ नहीं थे।

    गणिता देवी, पार्षद, वार्ड 15

    नगर निगम कार्यालय में अराजकता फैलाने वालों पर कार्रवाई होगी। किसी भी अधिकारी का कालर पकड़ने को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। बिना सूचना धरना देने एवं हंगामा करने वालों पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

    विक्रम विरकार, नगर आयुक्त

    इस तरह की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। हालांकि मेरे पास किसी ने भी शिकायत नहीं की है।

    निर्मला देवी, महापौर