Voter Adhikar Yatra: राहुल गांधी का केंद्र पर हमला, कहा- राजशाही के रास्ते पर चल रही मोदी सरकार
Voter Adhikar Yatra यात्रा के क्रम में दरभंगा से मुजफ्फरपुर पहुंचे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सीमावर्ती गायघाट प्रखंड के जारंग में एक सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने वर्तमान केंद्र सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने इसके काम करने के अंदाज को गैर लोकतांत्रिक करार दिया।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Voter Adhikar Yatra: विपक्षी गठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा बुधवार को दरभंगा के बाद मुजफ्फरपुर में प्रवेश कर गई। इस दौरान सीमावर्ती प्रखंड गायघाट के जारंग में एक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र की सरकार पर खूब हमले किए।
राहुल गांधी ने भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के काम करने के तरीके को अलोकतांत्रिक बताया। कहा, उनके काम करने का अंदाज राजशाही है। वे वोट चोरी कर रहे हैं। अभी जो काम बिहार में किया जा रहा है।
इसी काम को पूरे देश में किया जाएगा। देश व्यापी अभियान के तहत लोगों को बताया जाएगा कि कैसे वोट की चोरी की जा रही है। वर्तमान सरकार अधिकार चुरा रही है।
उन्होंने कहा कि पहले जमाने में राजा जिसे पसंद करता था, उसका सामान छीन लेता था। वैसा ही फिर शुरू हो गया है। शुरुआत वोटर लिस्ट से नाम हटाने से हुई है, इसके बाद लोगों को राशन से वंचित किया जाएगा।
राहुल गांधी ने कहा कि बिहार से जिस आंदोलन की शुरुआत हुई है उसकी लौ पूरे देश में फैलेगी। जनसभा में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य, वीआइपी प्रमुख मुकेश सहनी, पूर्व सांसद अजय निषाद समेत गठबंधन के कई नेता मौजूद रहे।
राजद, कांग्रेस, भाकपा माले, सीपीएम और वीआइपी के हजारों कार्यकर्ता गांव-गांव से सभा में पहुंचे थे। सभा को सफल बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात थे।
राहुल गांधी ने गायघाट के बेरुआ बुनियादी विद्यालय में भोजन करने के बाद अपने काफिले के साथ रोड शो किया। यह काफिला बोचहा एनएच-57, बखरी चौक, जीरो माइल और मेडिकल चौक होते हुए रामपुर हरि, कोरलहिया मार्ग से सीतामढ़ी जिले के रुन्नीसैदपुर की ओर बढ़ गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।