क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के मामा ने UPSC परीक्षा में कर दिया कमाल, सेल्फ स्टडी से मिली 102वीं रैंक
UPSC Final Result 2025: बिहार के अभिषेक चौहान ने पहले ही प्रयास में 102वीं रैंक हासिल की। वह चर्चित क्रिकेटर ...और पढ़ें

UPSC Result 2025: क्रिकेटर वैभव सूर्यवंंशीऔर अभिषेक चौहान। फोटो सौ. स्वजन

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। UPSC Result 2025: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी कर दिया। इस परीक्षा में बिहार के अभिषेक चौहान ने शानदार सफलता हासिल करते हुए अपने पहले ही प्रयास में 102वीं रैंक प्राप्त की है।
खास बात यह है कि अभिषेक चर्चित युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के मामा हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
अभिषेक चौहान के पिता प्रोफेसर अभय कुमार सिंह बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में प्राध्यापक हैं और वर्तमान में नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी में रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत हैं। उनकी मां अनुराधा राजपूत गृहिणी हैं। अभिषेक मूल रूप से समस्तीपुर जिले के महदीनगर प्रखंड स्थित राजा जान गांव के निवासी हैं।

आरके मिशन से की स्कूली शिक्षा
अभिषेक की प्रारंभिक शिक्षा आरके मिशन, पुरुलिया से हुई, जहां से उन्होंने दसवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद गुरु वशिष्ठ स्कूल, हाजीपुर से उन्होंने इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने आईआईटी में दाखिला लिया और वहां से जियोलॉजी विषय में इंटीग्रेटेड एमटेक की डिग्री प्राप्त की।
पढ़ाई पूरी करने के बाद अभिषेक ने कुछ समय तक एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी भी की। हालांकि, उनका लक्ष्य शुरू से ही सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल करना था। इसी उद्देश्य से उन्होंने नौकरी छोड़कर पूरी तरह से तैयारी शुरू कर दी।
स्वाध्याय से हासिल की बड़ी सफलता
अभिषेक ने यूपीएससी की तैयारी मुख्य रूप से स्वाध्याय के माध्यम से की। उन्होंने हाजीपुर में रहकर सीमित संसाधनों के बावजूद लगातार मेहनत की और पहले ही प्रयास में यह मुकाम हासिल किया। इंटरव्यू की तैयारी के दौरान उन्होंने कुछ विशेषज्ञों से मार्गदर्शन भी लिया।उनकी इस उपलब्धि के बाद परिवार और रिश्तेदारों को लगातार बधाइयां मिल रही हैं। परिजनों और शुभचिंतकों ने इसे पूरे इलाके के लिए गर्व का क्षण बताया है।

