तेजस्वी यादव का इशारों में प्रधानमंत्री और गृहमंत्री पर तंज, गुजरात के दो लोग बिहार को बर्बाद करने की कोशिश कर रहे
कांटी में तेजस्वी यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए महागठबंधन की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव बिहार को बदलने का है जिसमें रोजगार शिक्षा और स्वास्थ्य पर ध्यान दिया जाएगा। तेजस्वी ने एनडीए सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और गुजरात के नेताओं पर बिहार को बर्बाद करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने लोगों से महागठबंधन को वोट देने की अपील की।

संवाद सहयोगी, कांटी (मुजफ्फरपुर)। पूर्व उपमुख्यमंत्री और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि यह केवल सरकार नहीं, बल्कि बिहार के भविष्य को बदलने की लड़ाई है। राज्य में बदलाव की लहर चल रही है और अगली सरकार महागठबंधन की होगी।
कांटी हाई स्कूल के मैदान में शनिवार को आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बातें कहीं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि नई सरकार गरीबों को रोजगार, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और सिंचाई की सुविधाएं प्रदान करेगी। इसके साथ ही, उन्होंने बिहार को अपराध और भ्रष्टाचार से मुक्त करने का वादा किया।
एनडीए सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में प्रतिदिन व्यापारियों का अपहरण और हत्या हो रही है। भ्रष्टाचार अपने चरम पर है, जहां थाने से लेकर मुख्यालय तक गरीबों को लूटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर गरीब नीतीश कुमार के कुशासन से त्रस्त है। नीतीश झूठे वादों और प्रलोभनों के सहारे जनता को ठग रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का नाम लिए बिना तेजस्वी यादव ने कहा कि गुजरात के दो लोग बिहार को बर्बाद करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनके मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री गुजरात में लगेगी और सरकार बिहार में चाहिए, अब ऐसा नहीं होगा।
बिहार की जनता जाग चुकी है और उनके छल को समझ रही है। उन्होंने वैशाली सांसद वीणा देवी पर विकास कार्यों में रुचि न लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि आम लोगों को सांसद से कार्यों की पूछताछ करनी चाहिए। तेजस्वी यादव ने सभी गरीबों से एकजुट होकर एनडीए सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे महागठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में वोट करें।
बाबा साहब की प्रतिमा का अनावरण
तेजस्वी यादव निर्धारित समय से करीब दो घंटे विलंब से पहुंचे, फिर भी भारी संख्या में लोग उनका इंतजार कर रहे थे। जनसभा से पहले उन्होंने प्रखंड मुख्यालय में नवनिर्मित आंबेडकर पार्क का उद्घाटन किया और बाबा साहेब की प्रतिमा का अनावरण किया।
जनसभा की अध्यक्षता स्थानीय विधायक इसराइल मंसूरी ने की, जबकि संचालन रजत के प्रखंड अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने किया। सभा को मीनापुर विधायक मुन्ना यादव, बोचहां विधायक अमर पासवान, पूर्व विधायक गुलाम जिलानी वारसी, हैदर आजाद, जनार्दन ठाकुर, रामजी सहनी, भोपाल भारती आदि ने भी संबोधित किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।