'पैसे लेकर मामला रफा-दफा कर लो, नहीं तो...' मुजफ्फरपुर में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, 5 युवकों ने की हैवानियत
मुजफ्फरपुर के मनियारी थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी को घर से अगवा कर पांच युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपितों ने इसका वीडियो भी बना लिया। आरोपितों ने किशोरी को घटना की जानकारी देने पर वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर देने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है अन्य की तलाश जारी है।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर/मनियारी। मनियारी थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी को घर से अगवा कर पांच युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपितों ने इसका वीडियो भी बना लिया। आरोपितों ने किशोरी को घटना की जानकारी देने पर वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर देने की धमकी दी।
गुरुवार को मामला प्रकाश में आने के बाद मनियारी थाने की पुलिस ने वरीय पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद ग्रामीण एसपी विद्या सागर, एसडीपीओ टू व एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर जांच की।
दो नामजद आरोपित गिरफ्तार
मामले में किशोरी की मां ने मनियारी थाने में प्राथमिकी कराई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपित घर से फरार बताए गए है।
आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है। मनियारी थानाध्यक्ष देवव्रत कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दो आरोपितों को पकड़ा गया है। शुक्रवार को मेडिकल जांच के बाद किशोरी का बयान कोर्ट में दर्ज कराया जाएगा।
एफआईआर में महिला ने कहा कि एक मार्च को वह बड़ी बेटी के इलाज को लेकर कच्ची पक्की के एक अस्पताल में थी। घर पर छोटी बेटी अकेले थी। घर में किसी पुरुष सदस्य के न होने और किशोरी को अकेले देख गांव के कई लड़के घर में घुस गए। बेटी को बंधक बना लिया और पिटाई की।
अगवा कर घर के पीछे मक्के के खेत में ले गए। इसके बाद विपिन यादव लड़की के साथ छेड़खानी करने लगा। इस पर किशोरी रोने लगी और छोड़ देने की गुहार लगाई। इस पर आरोपित जान से मार देने की धमकी देने लगा।
तेजाब डालकर मुंह जला देने की दी धमकी
विकास कुमार हाथ में तेजाब लेकर धमकी दिया कि तेजाब डालकर मुंह जला देंगे। इसके बाद आरोपित विपिन यादव, अरविंद कुमार, चंदन कुमार, प्रकाश यादव और विकास कुमार ने मिलकर किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
आरोपितों ने इसका वीडियो बना लिया और किसी को बताने पर वायरल करने की धमकी दी। देर रात जब महिला घर आई तो किशोरी की असहनीय पीड़ा देख उससे पूछताछ की। इस पर किशोरी रोने लगी। काफी पूछताछ के बाद किशोरी ने घटना की जानकारी दी।
इसके बाद मां ने बड़े बेटे को घटना के बारे में बताया। बड़े बेटे के घर आने के बाद पुलिस में इसकी शिकायत की गई। इसके बाद आरोपितों द्वारा धमकी दिया गया कि पैसे लेकर मामला रफा दफा कर दो। नहीं तो अंजाम भुगतना पड़ेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।