Muzaffarpur News: 19 में से 16 टीचरों की वोटर लिस्ट रिवीजन में लगी ड्यूटी, बच्चों की पढ़ाई हो रही प्रभावित
मैनाटांड़ के कई स्कूलों में शिक्षकों को मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में लगाने से पढ़ाई बाधित हो रही है। सरदार मंगल सिंह प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय में 19 में से 16 शिक्षक इसी कार्य में लगे हैं। छात्राओं का कहना है कि शिक्षक न होने से पढ़ाई नहीं हो पा रही है। प्रभारी प्रधानाध्यापक के अनुसार तीन शिक्षकों के भरोसे 650 छात्राओं की कक्षाएं चल रही हैं।

संवाद सूत्र, मैनाटांड़। शिक्षकों की मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण कार्य में प्रतिनियुक्ति हो जाने से अधिकांश स्कूलों में पढ़ाई बाधित है। अधिकांश जगहों पर आधे शिक्षक मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण कार्य में लग गये हैं।
इस कारण स्कूल की कई कक्षाएं मर्ज कर चलाई जा रही है। जिससे पढ़ाई बाधित हो रही है। प्रखंड मुख्यालय स्थित सरदार मंगल सिंह प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय प्लस टू मैनाटांड़ की स्थिति भी यही है। इस गर्ल्स हाई स्कूल के 19 शिक्षकों में 16 शिक्षकों को विशेष पुनरीक्षण कार्य में दो पालियों में लगा दिया गया है।
विद्यालय की छात्रा प्रिया कुमारी, पूजा कुमारी, रौशन आरा, अमृता कुमारी, कशिश कुमारी आदि ने बताया कि शिक्षकों के नहीं रहने से हम सभी की पढ़ाई बाधित हो रही है। हमलोग विद्यालय तो आते जरूर है। लेकिन विद्यालय में बैठकर बिना पढ़े घर को लौट जाते हैं।
दसवीं वर्ग में तो छात्रा प्रिया कुमारी और लालसा कुमारी दोनों मिलकर छात्राओं को पढ़ा रही थी। जबकि बारहवीं वर्ग में कोई शिक्षक ही नहीं थे। प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेश प्रसाद यादव ने बताया कि विद्यालय की 650 छात्राओं को केवल तीन शिक्षक और एक मैं।
कक्षाएं मर्ज कर चलाई जा रही है। मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण कार्य भी अति महत्वपूर्ण है। इसलिए किसी तरह से कक्षाओं का संचालन तीन शिक्षक में किया जा रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।