विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शारदा सिन्हा के छठ गीत यानी परदेसी के लिए गांव, घाट और मां का आंगन तक लौटने का बुलावा

Published: Thu, 12 Nov 2026 03:02 PM (IST)

Sharda Sinha Chhath Geet: शारदा सिन्हा के छठ गीत प्रवासी बिहारियों को अपने गांव, घाट और मां के आंगन की ...और पढ़ें

शारदा सिन्हा गीतों में लोक पर्व के बहाने पूरा समाजशास्त्र, हमारी सभ्यता, रिश्ते और मर्यादाएं समाहित रहती हैं। (AI Generated Image)

शारदा सिन्हा गीतों में लोक पर्व के बहाने पूरा समाजशास्त्र, हमारी सभ्यता, रिश्ते और मर्यादाएं समाहित रहती हैं। (AI Generated Image)

HighLights

  1. शारदा सिन्हा के गीत प्रवासी बिहारियों को गांव की याद दिलाते हैं।

  2. उनकी आवाज में छठ पर्व की पवित्रता और शुद्धता बसती है।

  3. ये गीत छठ के हर चरण को दर्शाते, समाज को जोड़ते हैं।

अजय पांडेय, मुजफ्फरपुर। Chhath Puja Folk Songs: आंगन के गीत जो अंबर तक गूंजे, शारदा की आवाज में बसता पूरा बिहार। छठ आते ही जब लाउडस्पीकर पर केलवा के पात पर उगेलन सुरुजमल झांके-झुके बजता है तो हर प्रवासी को अपना गांव याद आ जाता है।

घर-आंगन जैसे जाग उठता है। घरों में गेहूं धुलने लगता, सूप-दौरा सजने लगता और हवा में घुल जाती है एक जानी-पहचानी आवाज।

लौटने का बुलावा

शारदा सिन्हा का गीत बजता है तो लगता है जैसे पूरा गांव एक साथ गा उठा हो। परदेश में बैठे प्रवासी के लिए यह आवाज सिर्फ गीत नहीं, अपने गांव, अपने घाट और अपनी मां के आंगन तक लौटने का बुलावा है।

शारदा सिन्हा सिर्फ एक गायिका नहीं थीं, वह बिहार के आंगन की आवाज थीं। उनके गीतों में लोक पर्व के बहाने पूरा समाजशास्त्र बसता है। संस्कार, सभ्यता, रिश्ते और मर्यादा, सब कुछ।

12MZF_1_12112026_90.JPG

छठ के भाव के अनुकूल शुद्धता

उनके पुत्र और संगीत समीक्षक अंशुमन सिन्हा कहते हैं कि उनकी आवाज में एक ठहराव था, एक पवित्रता थी। छठ के भाव के अनुकूल भाषा की शुद्धता थी।

उन्होंने अपने गीतों में कभी बोझिल शब्द नहीं आने दिया। जो भोजपुरी-मैथिली का खांटी भाव दादी-नानी गाती थीं, वही भाव उनकी आवाज में जीवित रहा।

विंध्यवासिनी के गीतों में व्रती की तपस्या

यही परंपरा विंध्यवासिनी देवी के गीतों में भी मिलती है। उन्होंने लोक को मंच नहीं, जीवन माना। उनके गीतों में व्रती मां की तपस्या है, बेटी की विदाई का दर्द है, बहू की श्रद्धा है और पड़ोस के आंगन की साझी खुशी है।

छठ उनके गीतों में केवल व्रत नहीं, समाज को जोड़ने वाला सूत्र बन जाता है। छठ का हर चरण, नहाय-खाय, खरना, अस्ताचलगामी अर्घ्य, उदीयमान अर्घ्य और पारण, इन दोनों गायिकाओं के गीतों में दर्ज है।

गीतों में व्रत का दस्तावेजीकरण

यह सिर्फ गायन नहीं, व्रत का दस्तावेजीकरण है। नहाय-खाय की शुद्धता, खरना की रात की प्रतीक्षा, घाट पर बहंगी उठाने का उत्साह और उगते सूर्य को अर्घ्य देते समय छलकतीं आंखें, सब कुछ इन गीतों में है।

इन गीतों की सबसे बड़ी सामाजिकता यही है कि ये किसी एक घर के नहीं हैं। आंगन से निकली आवाज जब अंबर तक जाती है, तो वह पूरे समाज की हो जाती है।

अमीर-गरीब, गांव-शहर, देश-परदेश का भेद मिट जाता है। जब तक सूप, दौरा और बहंगी सजेगा, जब तक घाट पर अर्घ्य होगा, तब तक आंगन के ये गीत अंबर तक गूंजते रहेंगे।

यह भी पढ़ें- छठ गीतों की असली 'पावर स्टार' हैं शारदा सिन्हा, पवन सिंह और खेसारी के दौर में भी गूंजती है उनकी आवाज

यह भी पढ़ें- नवरात्रि के लिए बिहार का यह पारंपरिक लोकगीत है खास, शारदा सिन्हा से मैथिली ठाकुर तक ने दी है आवाज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।