बेतिया में हुआ कुछ ऐसा कि अब नहीं पूछेगा कोई, ये कौन सी जगह है दोस्तों ! Muzaffarpur News
बेतिया रेड लाइट एरिया में छापे के दौरान वेश्यावृति के आरोप में महिला-पुरुषों के पकड़े जाने के बाद शहर के लोगों ने इसे कराया बंद।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन । तिरहुत प्रमंडल के पश्चिम चंपारण जिला मुख्यालय बेतिया के लोगों ने ऐसा कदम उठाया है कि शाम होते ही घुंघरू की झंकार, इत्र की खुशबू, तबले की थाप और गीतों की तान से गुलजार होने वाला नाजनी चौक स्थित रेड लाइट एरिया अब इतिहास बनने वाला है। सबकुछ यदि योजना के अनुसार ही हुआ तो अब यहां नृत्य-संगीत की महफिल नहीं सजेगी और किसी के अरमान भी नहीं कुचले जाएंगे। इन बातों से इतर अब यहां देह व्यापार जैसा जघन्य कृत्य नहीं होगा।
नृत्य-संगीत की आड़ में देह व्यापार
पिछले दिनों यहां हुई छापेमारी में महिला-पुरुष के पकड़े जाने के बाद आसपास के मोहल्ले के लोगों ने इस पर पाबंदी लगाने का ऐलान कर दिया है। लोगों ने रेड लाइट एरिया में कई जगहों पर इस आशय का बोर्ड लगा दिया है। जिस पर लिखा है कि रेड लाइट एरिया बंद हो गया है। लोगों के इस पहल की शहरवासियों ने सराहना की है। इस पर सख्ती से अमल के लिए लोगों ने पुलिस पदाधिकारियों को आवेदन भी सौंपा है।
छापेमारी में कई लोगों की गिरफ्तारी
चार जुलाई को रेड लाइट एरिया में पुलिस की छापेमारी और वहां से कई लोगों की गिरफ्तारी के बाद रेड लाइट एरिया में सन्नाटा पसरा है। पुलिस ने यहां के आधा दर्जन मकानों को भी सील कर दिया है।
बेतिया राज से संबंध
बताया जाता है कि रेड लाइट एरिया का संबंध बेतिया राज के जमाने से रहा है। इतिहासकारों के अनुसार शताब्दियों पूर्व बेतिया राज के तत्कालीन महाराज ने नृत्य, संगीत और मनोरंजन के लिए महिलाओं को बुलाकर आश्रय दिया था। ये महिलाएं राजभवन के आसपास रहती थीं। इनका काम नृत्य-संगीत पेश कर महाराज और राजदरबारियों का मनोरंजन करना था। उनके शासनकाल में इनकी स्थिति काफी अच्छी थी। लेकिन, महाराज का शासन खत्म होने के बाद उनकी स्थिति दयनीय होने लगी। बाद में आर्थिक पूर्ति के लिए रेड लाइट एरिया का दरवाजा आमलोगों के मनोरंजन के लिए भी खुल गया। यहां के ही कई घरों में तबले की थाप गूंजने लगी। अंग्रेजों के जमाने तक यह चलता रहा। बाद में चोरी-छिपे यहां देहव्यापार का धंधा भी होने लगा। एक सप्ताह पूर्व हुए छापेमारी में रेड लाइट एरिया के कई घरों में वेश्यावृत्ति कराए जाने का भी खुलासा हुआ था।
कई बार हो चुकी छापेमारी
रेड लाइट एरिया में कई बार छापेमारी हो चुकी है। जब-जब छापेमारी हुई है, यहां देहव्यापार के धंधे में लिप्त लोग पकड़े गए और जेल भेजे गए है। विगत चार जुलाई को हुई छापेमारी में यहां से वेश्यावृति कराने के आरोप में कई महिला-पुरुष को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। जबकि 11 लड़कियों को मुक्त कराया गया। जिन्हे जबरन देह धंधे में धकेला गया था। इनको दूसरे जिला और राज्य से लाकर यहां धंधा कराया जा रहा था। छापेमारी के बाद स्थानीय लोग भी मुखर हो गए है।
इस बारे में बेतिया के एसपी के जयंत कांत ने कहा कि यह अच्छी बात है। बुराई को खत्म करने के लिए लोग आगे आए हैं। लोगों को पुलिस के हर अच्छे काम में सहयोग के लिए आगे आना चाहिए। पुलिस अपना काम कर रही है। किसी भी गलत काम को समाज में नहीं होने दिया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।