'कांग्रेस ने देश को विभाजन की विभीषिका में झोंका', राकेश सिन्हा बोले- इतिहास में तथ्यों को छिपाया गया
मुजफ्फरपुर में एक संगोष्ठी में बोलते हुए पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रो. राकेश सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस ने देश को विभाजन की विभीषिका में झोंक दिया। उन्होंने कहा कि विभाजन का नया इतिहास लिखना होगा। उन्होंने धर्म के आधार पर भेदभाव को विभाजन का कारण बताया और संस्कृति व विरासत की रक्षा पर जोर दिया।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रो. राकेश सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस ने देश को विभाजन की विभीषिका में झोंक दिया। उस समय जो इतिहास लिखा गया, उसमें कई तथ्यों को छिपाया गया।
इसलिए भारत विभाजन पर नया इतिहास लिखना होगा, यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। वे संस्कृति उत्थान समिति और उत्तर बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित संगोष्ठी में बोल रहे थे।
उन्होंने विभाजन से जुड़ी कई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि धर्म के आधार पर भेदभाव का माहौल जिन्ना जैसे लोगों ने बनाया।
उन्होंने कहा कि हम सभी भारत माता के संतान हैं और हमारी संस्कृति व विरासत की रक्षा करना हमारा कर्तव्य है। विभाजन की नींव में मूर्ति पूजा करने वालों को बेदखल करने की प्रवृत्ति काम कर रही थी। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में जिन्ना की प्रतिमा उसका उदाहरण है।
विभाजन के समय पाकिस्तान से आए हिंदुओं की जमीन वहां बेच दी गई, जबकि यहां से गए मुस्लिम परिवार अपनी जमीन बेचते रहे। उस समय ट्रेनें लाशों से भरकर आती थीं।
प्रांत प्रचारक रविशंकर सिंह बिसेन ने कहा कि भारत विभाजन ने हमारी संस्कृति, परंपरा और धरोहर को खंडित किया। संगोष्ठी को उत्तर बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्यामसुंदर भीमसेरिया और विभाग संचालक चंद्रमोहन खन्ना चन्नी ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन कृष्ण कुमार ने किया। इस मौके पर पूर्व विधायक बेबी कुमारी, डॉ. तारण राय, अनीश कुमार, मोहनीश कुमार आदि शामिल रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।