Bihar Weather: उत्तर बिहार में कैसा रहेगा मौसम का हाल? किसानों को विभाग ने दी खास सलाह
उत्तर बिहार में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33-35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। किसानों को धान की रोपाई जल्द पूरी करने और फसलों की निगरानी करने की सलाह दी गई है।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। उत्तर बिहार के जिलों में अगले कुछ दिनों में हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में उत्तर बिहार के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है।
इस दौरान अधिकतम तापमान 33-35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान 27-28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। पूर्वानुमान की अवधि में अगले दो दिनों तक औसतन 8 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवा हवा चलने और उसके बाद पछुआ हवा चलने का अनुमान है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए सत्तार ने बताया कि कुछ दिनों तक कई इलाकों में बारिश की संभावना है। इधर, मंगलवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दिन भर रुक-रुक कर बारिश होती रही। शाम में भी बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
दिन की शुरुआत के साथ ही एक बार फिर गर्मी बढ़ गई थी। मौसम विभाग ने किसानों के लिए निर्देश जारी किया है। बताया गया है कि पिछले पूर्वानुमान अवधि में उत्तर बिहार के अनेक स्थानों पर मध्यम वर्षा हुई है। मौसम पूर्वानुमान अवधि में वर्षा की संभावना को देखते हुए किसान धान की रोपाई शीघ्र पूरी करने का प्रयास करें। धान की रोपाई के समय हमेशा मिट्टी जांच के आधार पर ही उर्वरकों का प्रयोग करें।
शीघ्र बोई गई धान की फसल में तना छेदक कीट की निगरानी करें। मक्के की फसल में कीट व्याधियों एवं फफूंद धब्बों की निगरानी करते रहें। मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।