Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar Politics: बिहार चुनाव में 'जिन्ना' की हुई एंट्री, नित्यानंद राय बोले- अगर जातिवाद खत्म नहीं हुआ तो...

    Updated: Fri, 04 Jul 2025 12:00 PM (IST)

    मुजफ्फरपुर में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने लंगट सिंह महाविद्यालय की स्थापना दिवस पर कहा कि भारत युवाओं का देश है पर कुछ ताकतें इसे खंडित करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने जातिवाद को मानवता के लिए खतरा बताया और युवाओं को देश की एकता और विकास के लिए काम करने को प्रेरित किया। उन्होंने ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था पर जोर दिया।

    Hero Image
    जिन्ना का जिन्न नहीं अशफाक उल्ला का बलिदान चाहिए : नित्यानंद राय (जागरण)

    जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा भारत युवाओं का देश है, लेकिन यह दुर्भाग्य है कि अब भी देश को खंडित, बदनाम और इसमें विभेद पैदा करने की कोशिश की जा रही है।

    जिन्ना के जिन्न को हम स्वीकार नहीं कर सकते। हमको अशफाक उल्ला खां का बलिदान चाहिए। कैप्टन हमीद चाहिए, खुदीराम बोस, भगत सिंह चंद्रशेखर आजाद चाहिए। जाति, धर्म और पंत के नाम पर हम इस देश को खंडित होते नहीं देखना चाहते हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    देश की एकता और अखंडता सुनिश्चित करने के लिए जब बात एक श्रेष्ठ भारत बनाने की हो तो जाति-पाति से ऊपर उठकर देश हित में सोचना होगा। ये बातें गुरुवार को लंगट सिंह महाविद्यालय के 126वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहीं।

    सभी भारत माता की संतान

    केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सभी भारत माता की संतान हैं। मंदिरों से भारत माता की जय हो, विजय हो का यशोगान हो तो मस्जिदों के अजान से भी भारत माता के विजय का यशोगान हो। गिरिजाघर और गुरुग्रंथ की वाणी में भी भारत माता की जय गूंजे। जाति-पाति को मिटाना है। हमको अपने इतिहास से दूर ले जाया गया है।

    उन्होंने कहा कि हमें हार का इतिहास पढ़ाया गया है। महाराणा प्रताप, असफाक उल्ला खां जैसी विभूतियों को कमतर बताया गया है। विकसित भारत का अर्थ है दुनिया में प्रति व्यक्ति आय सबसे ज्यादा भारत की हो। 60 फीसदी युवाओं के पास रोजगार नहीं हुआ तो भारत विकसित नहीं होगा।

    मैकाले की शिक्षा नीति ने हमें निराशा के अलावा कुछ नहीं दिया था। अब राष्ट्रीय शिक्षा नीति से विकसित भारत का सपना साकार होगा। इससे युवा हुनरमंद होकर रोजगार पाएंगे।

    जातियां रहीं तो 50 वर्ष बाद नहीं बचेगी मानवता 

    केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा, जातिवाद अगर समाप्त नहीं हुआ तो 50 वर्ष बाद मानवता नहीं बचेगी। हमारी सनातन परंपरा में जाति व्यवस्था है ही नहीं। अगर बहुत अधिक बंटवारा कर सकते हैं, तो सात गोत्र हैं। हमारे सात ऋषियों का।

    उन्होंने कहा कि हमें जाति-पाति मिटानी है। उन्होंने अपनी बात को समझाने के लिए कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित लोगों से जाति व गोत्र भी पूछे।

    नित्यानंद राय ने कहा, एक ही गोत्र से कई जातियां निकली हैं। वहीं, एक व्यक्ति ने कहा- आने वाले दिनों में जाति हटाकर गोत्र लागू कर दिया जाए। प्राचीनकाल में हमारे यहां जाति-पाति की व्यवस्था नहीं थी। हमारे यहां कर्म के आधार पर पहचान देने वाली व्यवस्था थी।

    ज्ञान अर्थव्यवस्था को आधार बना विकसित होगा भारत 

    उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. एनके अग्रवाल ने कहा, शिक्षा से ही भारत 2047 तक विकसित बनेगा। इसके लिए ज्ञान अर्थव्यवस्था (नॉलेज इकोनॉमी ) को आधार बनाना होगा। भौतिक संसाधनों के बजाय ज्ञान, सूचना और नवाचार को अपनाना होगा। इसके लिए तीन बिंदुओं पर ध्यान देना होगा। मानव पूंजी का संभालना, तकनीकी ज्ञान और अनुसंधान।

    केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी ने कहा, भारत को अगर 2047 तक विकसित बनकर फिर से विश्वगुरु बनना है तो उच्च गुणवत्ता वाली तकनीक को अपनाना होगा।

    आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और साइबर सिक्युरिटी को अपनाना होगा। बिहार सरकार के पंचायती राज्य मंत्री केदार गुप्ता ने कहा, मुजफ्फरपुर की पहचान एलएस कॉलेज से है। यह संस्थान सौ से अधिक वर्षों से उत्तर बिहार में शिक्षा की अलख जगा रहा है।

    इससे पहले एलएस कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग के शिक्षक डॉ. अर्देन्दु ने विषय प्रवेश कराया। उन्होंने विकसित भारत 2047: उच्च शिक्षा की परिवर्तनकारी यात्रा पर प्रकाश डाला।

    एलएस कॉलेज के प्राचार्य प्रो.ओपी राय ने स्वागत भाषण करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से विकसित भारत बनेगा। संचालन डॉ. राजेश्व कुमार ने व धन्यवाद ज्ञापन डॉ. एनएन मिश्रा ने किया।

    इस मौके पर मेयर निर्मला देवी, पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार, औराई के विधायक रामसूरत राय, एमआईटी के प्राचार्य डॉ. एमके झा, आरबीबीएम कॉलेज की प्राचार्य डॉ. ममता रानी, डिप्टी मेयर डॉ. मोनालिसा, विवेक कुमार, हरिमोहन चौधरी, रंजन कुमार, उदयशंकर सिंह समेत कॉलेज के शिक्षक व छात्र-छात्राएं मौजूद थीं। 

    निवर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष ने किया स्वागत

    लंगट सिंह महाविद्यालय के 126 वें स्थापना दिवस पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय के आगमन पर निवर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष व बीस सूत्री उपाध्यक्ष रंजन कुमार ने गोबरसही चौक पर अंगवस्त्र और बुके देते हुए उनका स्वागत किया। मौके पर धर्मेंद्र साहू, सचिन कुमार, आशीष श्रीवास्तव, रविरंजन शुक्ला, नचिकेता पांडेय, संतोष साहेब, आलोक राजा, दिवाकर मिश्रा समेत अन्य मौजूद रहे।