Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Muzaffarpur News: माडल अस्पताल में समय से पहले बंद कर दिया महिला काउंटर, मरीज के स्वजन ने किया हंगामा

    Updated: Thu, 24 Jul 2025 08:10 PM (IST)

    Muzaffarpur News माडल अस्पताल में महिला काउंटर समय से पहले बंद होने से हंगामा हुआ। दोपहर डेढ़ बजे तक पर्ची काटने का समय था लेकिन 10 मिनट पहले ही काउंटर बंद कर दिया गया। जिससे 50 से अधिक महिलाएं परेशान हुईं। महिला मरीजों ने कर्मियों के मनमाने रवैये पर नाराजगी जताई। अस्पताल अधीक्षक ने मामले की जांच की बात कही है।

    Hero Image
    पर्ची नहीं कटने से निराश मरीज व उनके स्वजन। जागरण

    जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। माडल अस्पताल के ओपीडी में मरीजों को दिखाने के लिए काउंटर से पर्ची कटानी होती है। इसके लिए दोपहर डेढ़ बजे तक का समय निर्धारित है। इसके बाद दो बजे से ओपीडी में चिकित्सक मरीजों को देखते हैं। महिला व पुरुषों के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गुरुवार को दोनों काउंटर पर भीड़ थी। डेढ़ बजने में करीब 10 मिनट समय शेष था तभी महिला काउंटर को बंद कर दिया गया। कतार में करीब 50 से अधिक महिलाएं खड़ी थीं। उन्हें लगा कुछ आवश्यक कार्य से काउंटर पर मौजूद महिलाकर्मी गई होंगी, लेकिन पांच मिनट से अधिक होने के बाद वे नहीं आईं तो महिलाओं ने पूछताछ करनी शुरू कर दी।

    इस बीच वह महिलाकर्मी आती दिखीं। उनसे समय से पहले काउंटर बंद करने का कारण पूछा, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और दूसरे कक्ष में चली गईं। वहीं, पुरुष काउंटर सुचारु रूप से चल रहा था। समय से पहले काउंटर बंद होने पर महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया। यह देखकर सुरक्षाकर्मी पहुंचे।

    गार्ड ने दूसरे दिन अथवा साढ़े तीन बजे आने को कहा। दूर-दराज से आईं महिलाओं समेत 50 मरीज कर्मियों के मनमाने रवैये का शिकार होकर निराश लौट गए। शहर से दो महिला शिक्षक भी पहुंची थीं। उन्होंने रजिस्ट्रेशन भी करा लिया था। बताया कि काफी देर से कतार में खड़ी रहीं।

    चिकित्सक से दिखाने के लिए हाफ-डे ही ड्यूटी करके आई हैं। यहां कतार में खड़े रहने के बाद भी समय से पहले काउंटर बंद कर दिया गया। अब फिर दूसरे दिन आना पड़ेगा तो फिर हाफ-डे ड्यूटी करनी होगी। महिला मरीजों ने कहा यह पूरी तरह से लापरवाही और मनमाना रवैया है। कोई भी देखने वाला नहीं है।

    जो समय निर्धारित किया गया है, उस निश्चित समय तक अनिवार्य रूप से काउंटर खोलकर रखना है। इसके बाद भी अगर समय से पहले काउंटर बंद कर दिया जाता है तो यह गलत है। मामला संज्ञान में नहीं आया है। वैसे अपने स्तर से देख लेते हैं।

    डा.बीएस झा, अस्पताल अधीक्षक