शर्मनाक! दहेज में ससुराल वालों ने मांग ली किडनी, थाने पहुंची महिला; पुलिस ने दर्ज की FIR
मुजफ्फरपुर (Muzaffarpur News) में एक महिला ने ससुराल वालों पर दहेज में पति के लिए किडनी मांगने का आरोप लगाया है। महिला के अनुसार इनकार करने पर उसे प्रताड़ित किया गया और घर से निकाल दिया गया। महिला थाने में मामला दर्ज किया गया है और पुलिस जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। मिठनपुरा थाना क्षेत्र में एक मोहल्ले की महिला से ससुरालवालों ने दहेज में पति के लिए किडनी देने की मांग की है। महिला के इनकार करने पर प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया गया। मामले में महिला थाने में प्राथमिकी कराई गई है।
महिला थानाध्यक्ष अदिती कुमारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि ससुरालवालों के प्रताड़ना से तंग आकर महिला पति के साथ नहीं रहना चाह रही है। महिला ने ससुरालवालों पर दहेज में किडनी मांगने का गंभीर आरोप लगाया है।
मामला सामने आने के बाद ग्रामीण एसपी विद्या सागर ने महिला की ओर से लगाए गए आरोप की गहराई से जांच कर साक्ष्य संकलन करने को कहा है। इसके बाद महिला थाने की पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 2021 में बोचहां थाना क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। उसके पिता ने शादी में 30 लाख से अधिक रुपये खर्च किया। शादी के कुछ महीने तक सब ठीक रहा। इसके बाद ससुरालवालों का रवैया बदल गया।
मायके से एक एजेंसी खोलने को लेकर सात लाख रुपये की मांग की गई। इससे इनकार किया तो उसको प्रताड़ित किया जाने लगा।
अब उसके पति की तबीयत खराब हो गई है। पति की किडनी खराब है, इसलिए दहेज में किडनी देने की मांग की जा रही है। किसी तरह इलाज के लिए तीन लाख रुपये मायके से लाकर दिए। अब चार लाख रुपये की और मांग की जा रही है। इनकार करने पर उसको घर से निकाल दिया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।