ये क्या हो रहा है..मुजफ्फरपुर की ब्यूटी गर्ल मैदान की जगह मोबाइल में खेल रहीं
Muzaffarpur news updates ब्यूटी गर्ल जिला से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खेल प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुकी हैं लेकिन अब सबकुछ सही नहीं चल रहा है। ब्यूटी पार्लर में नौकरी मिलने के साथ से मैडम ने मैदान से तौबा कर लिया है। अब मोबाइल में खोई रहती हैं।

मुजफ्फरपुर, [प्रमोद कुमार]। ब्यूटी गर्ल को जब से शहर के सबसे बड़े ब्यूटी पार्लर में नौकरी मिली है, स्वयं ब्यूटी क्वीन हो गई हैं। ब्यूटी गर्ल पहले खेल मैदान की शान थी। खेल मैदान में जिला से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखा चुकी हैं। पढ़ाई पूरी कर अपनी अब परिवार की मदद के लिए नौकरी कर रही हैं, लेकिन पार्लर की नौकरी मिलते ही मैदान को छोड़ मोबाइल थाम लिया है। वह दिन भर मोबाइल से खेलते नजर आती हैं। अपना वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर खूब शेयर कर रही हैं। घर पर भी मोबाइल एवं वीडियो तैयार करने में लगी रहती हैं। दिनभर में एक या दो नहीं एक दर्जन वीडियो इंटरनेट मीडिया के माध्यम से शेयर कर रही हैं। ब्यूटी गर्ल का यह अंदाज लोगों को खूब भा रहा है। लोग जमकर लाइक कर रहे हैं।
समाजसेवी मैडम को चाहिए कुर्सी
समाजसेवी मैडम इन दिनों अपने इलाके की बीमारी तलाश रही हैं। इस दौरान जैसे ही उन्हें किसी बीमारी का पता लगता है वह आवाज उठाती हंै। वह चाहती हैं कि उनकी आवाज उठाने से लोगों को बीमारी से निजात मिल जाए। इससे लोग उन्हें अपना हमदर्द मान लेंगे। वास्तव में समाजसेवी मैडम की नजर सफाई महकमे की कुर्सी पर है। लेकिन इसके लिए उनको इलाके के लोगों का आशीर्वाद चाहिए। इसलिए बीमारी दूर कर लोगों के दिल को जीतना चाहती हैं। मैडम वर्षों से लोगों की सेवा कर रही हैं। उनको समाजसेवा की डिग्री प्राप्त है। इस डिग्री को हासिल करने के लिए उन्होंने खूब मेहनत की है। सेवा कर खूब शोहरत हासिल की है। लोगों की सेवा से मिले लाभ को वह अब भूनाना चाहती हैं। इसलिए राजनीति के मैदान में उतर महकमे की कुर्सी हासिल करना चाहती हैं। कुर्सी पर बैठकर लोगों की सरकारी मदद करने को इच्छुक हैं।
गोवा वाले मूड में बड़े घर की बहू
बड़े घर की बहू इन दिनों चर्चा में हैं। चर्चा का कारण उनका गोवा वाला मूड है। मैडम के घर के बाहर बगीचे में पिकनिक का आयोजन हुआ। इसमें समाजसेवी मैडमों का जमघट हुआ। खान-पान के साथ जमकर मौज-मस्ती हुई। पिकनिक में मंच तो नहीं था लेकिन फैशन परेड जरूर हुआ। परेड में बड़े घर की बहू ने गोवा वाले ड्रेस में समाजसेवी मैडमों के समक्ष अपना जलवा बिखेरा। बड़े घर की बहू समाजसेवा में नाम कमाकर राजनीति के मैदान में उतरी थीं। राजनीति में उतरने के बाद वह काफी सक्रिय रहीं। पहले जिला और फिर प्रदेश स्तर की नेत्री बन गईं। राजनीति के मैदान में उतरने के बाद भी उन्होंने समाजसेवी सहेलियों का साथ नहीं छोड़ा। जब भी मौका मिलता है वह जमकर मस्ती करती हैं। गोवा वाले ड्रेस में अपनी तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट की हैं जो चर्चा पा रही है।
राजनीतिक बेबी का कालेज दर्शन
राजनीतिक बेबी इन दिनों चर्चा में है। हो भी क्यों नहीं उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर जो कालेज का दर्शन कराया है, उससे कई पोल खुल गए हैं। बेबी देश की सबसे बडी पार्टी के छात्र इकाई से जुड़ी हैं। दो-तीन वर्षों से छात्र राजनीति कर रही हैं। जबसे राजनीति के मैदान में उतरी हैं, अपनी आक्रामक तेवर के लिए जानी जाती हैं। छात्राओं की समस्याओं को लेकर हमेशा संघर्ष करने के लिए प्रसिद्धि पाई हैं। इस बार उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर शहर के महिला कालेज की दुर्दशा की तस्वीर अनोखे अंदाज में पेश की है। कालेज के मैदान से लेकर उसकी दीवारों तक की असली तस्वीर दिखाई है। कालेज प्रशासन को भी आईना दिखाया है। राजनीतिक बेबी की इस पहल की लोग सराहना कर रहे हैं। उसकी हिम्मत की दाद दे रहे हैं। आखिर बेबी ने खुलेआम कालेज प्रशासन को चुनौती दी है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।