आसमान से बरस रही 'आग', बिहार के कई हिस्सों में 15 जून तक लू चलने की चेतावनी; कब होगी बारिश?
मुजफ्फरपुर में जेठ के बाद आषाढ़ में भी भीषण गर्मी जारी है जिससे लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। 42 डिग्री सेल्सियस तापमान में 50 डिग्री के बराबर गर्मी महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने 15 जून तक लू चलने की चेतावनी दी है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। जेठ के बाद आषाढ़ में भी आसमान से आग बरस रही है। सुबह, दोपहर और शाम में अधिक फर्क नहीं पड़ रहा। तापमान के साथ आर्द्रता में वृद्धि से जलन महसूस हो रही है। 42 डिग्री सेल्सियस तापमान में 50 डिग्री के बराबर गर्मी महसूस हो रही है।
गुरुवार को भी सुबह से धूप का कहर जारी रहा। हालांकि, आसमान में हल्के बादल छाए रहे। इसका अधिक असर नहीं रहा। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 15 जून तक राज्य के अधिकतर हिस्सों में लू चलने का अनुमान है।
वरीय मौसम विज्ञानी डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि पछुआ और उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाओं के प्रभाव से अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने की उम्मीद है।
पिछले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। औसतन हवा की गति 2.0 किमी प्रतिघंटा रही और आद्रता 81 प्रतिशत तक रही।
उन्होंने बताया कि एक-दो दिन में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। धान की नर्सरी की तैयारी में सतर्कता बरतें और जरूरत के अनुसार सिंचाई करें। पशुओं को दिन में छांव में रखें और स्वच्छ जल की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
सुबह 11 से शाम चार बजे तक विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। वृद्ध, बच्चे और बीमार व्यक्तियों को इस समय बाहर निकलने से बचना चाहिए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।