Bihar Bhumi: जमाबंदी पंजी मिली, अब खाता-खेसरा के लिए काट रहे चक्कर; जमीन मालिक परेशान
मुजफ्फरपुर में राजस्व महा अभियान में अनियमितताओं की शिकायतें आ रही हैं। रैयतों को जमाबंदी पंजी में गलतियां मिल रही हैं शिविरों की जानकारी नहीं दी जा रही और कर्मचारी फोन नहीं उठा रहे। अपर समाहर्ता ने कहा है कि शिविर की जानकारी पोर्टल पर है और समस्या होने पर लोग संपर्क कर सकते हैं। अगर किसी को परेशानी हो तो वे दिए गए नंबर पर कॉल कर सकते है।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। राजस्व महा अभियान को लेकर जो नियम व दिशा निर्देश विभाग की ओर से जारी किया गया है। उसका अनुपालन धरातल पर नहीं किया जा रहा है। इस महा अभियान में पूरी तरह अनियमितता बरती जा रही है। इस कारण रैयतों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सकरा के लक्ष्मीपुर से शिवशंकर सिंह ने कॉल कर बताया कि जमाबंदी पंजी उन्हें मिल गई है, लेकिन इसपर खाता खेसरा नंबर ही नहीं है। अब इसके बारे में जानकारी लेने के लिए राजस्व कर्मचारी को कॉल कर रहे हैं, तो सही बात नहीं बताया जा रहा है। इस कारण परेशान हैं। अब इसकी जानकारी कहां से मिलेगी। यह कौन बताएगा।
सकरा के मथुरापुर के अमरेश ठाकुर ने बताया कि निजी व्यक्ति के दरवाजे पर शिविर लगाया जा रहा है। वह अपनी मनमानी चला रहा है। अगर वे लोग विरोध करते हैं तो कागजात को दबा देता है और कहता है अंचल कार्यालय में जाकर पता करें।
औराई सरहचिया से कृष्ण नंदन प्रसाद सिंह ने कॉल कर बताया कि शिविर कब और कहां लगेगी, इसकी जानकारी देने वाला कोई नहीं है। सीओ और राजस्व कर्मचारी तो फोन भी नहीं उठाते हैं। कहां जाकर पता करें, इसके बारे में जानकारी नहीं मिल रही है।
माइकिंग तो दूर शिविर भी नहीं लग रहा
सकरा, साहेबगंज, कुढ़नी समेत कई प्रखंडों से लोगों ने कॉल कर बताया कि विभाग का आदेश है कि माइकिंग कर लोगों को शिविर लगने की तारीख और स्थल के बारे में जानकारी देना है, लेकिन माइकिंग तो दूर शिविर भी हलका कार्यालयों में नहीं लगाया जा रहा है।
कुछ लोगों से बाद में जानकारी मिलती है कि शिविर लगा था, लेकिन इसकी पूर्व सूचना किसी को नहीं दी गई। सब अभियान कागज पर ही दौड़ रहा है।
शिविर की जानकारी महा अभियान पोर्टल पर भी अपलोड की गई है। स्थानीय स्तर पर आंगनबाड़ी सेविका, विकास मित्र, न्याय मित्र और आशा से भी जमाबंदी पंजी प्राप्त किया जा सकता है। - कुमार प्रशांत, अपर समाहर्ता, राजस्व
राजस्व महा अभियान से संबंधित किसी कार्य में हो दिक्कत तो हमें बताएं
राजस्व महा अभियान से संबंधित किसी कार्य में अगर आपको परेशानी हो तो हमें 9801027107 पर कॉल कर जानकारी दे सकते हैं। हम आपकी समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित करेंगे और आपकी बात को प्रशासन तक पहुंचाएंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (1)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।