Muzaffarpur News: जिस महंत ने घर बनाने के लिए दी जमीन, चोरी करते समय नींद खुलने पर उसकी कर दी हत्या
मुजफ्फरपुर के मीनापुर में बहादुरपुर मठ के महंत कौशल किशोर दास की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया। फुलदेव कुमार नामक एक आरोपी गिरफ्तार जिसने चोरी के इरादे से मठ में घुसने और महंत द्वारा विरोध करने पर हत्या करने की बात स्वीकार की। शव को नदी किनारे ठिकाना लगाया गया था और हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किया गया है।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। मीनापुर के पानापुर ओपी क्षेत्र में बहादुरपुर मठ के महंत कौशल किशोर दास की हत्या मामले का पुलिस ने उदभेदन किया है। इसमें शामिल एक शातिर को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में उसकी पहचान बहादुरपुर इलाके के फुलदेव कुमार उर्फ फुलदेव सहनी के रूप में हुई है।
ग्रामीण एसपी राजेश कुमार सिंह प्रभाकर ने रविवार को प्रेस कांफ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। कहा कि पूछताछ में आरोपित ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर अन्य आरोपित की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है। आरोपित को घर बनाने के लिए जमीन महंत ने ही दी थी।
पूछताछ में पता चला कि चोरी करने के लिए मठ में शातिर घुसे थे। इसी क्रम में महंत की नींद खुल गई। दोनों की आमना सामने भी हुई। विरोध करने पर शातिरों ने उनके कमरे में रखे तलवार से उनपर वार किया। इसके बाद दाब से भी प्रहार किया। दोनों ने मिलकर गला दबा दिया।
इसी में उनकी हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद शव को घसीटते हुए ले जाकर नदी किनारे ठिकाना लगा दिया गया था। निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दाब को इलाके के पुलिया के समीप से बरामद किया गया है। शीघ्र चार्जशीट दायर कर स्पीडी ट्रायल से सजा दिलाने की कवायद की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपित पर पत्नी की हत्या का भी आरोप
पानापुर पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित अरुणाचल प्रदेश में पलदार का काम करता था। उस पर दहेज के लिए पत्नी की हत्या का भी आरोप है। इसको लेकर 2022 में उस पर मामला दर्ज कराया गया था। इस मामले में वह जमानत पर है।
करीब एक महीने पूर्व वह अरुणाचल प्रदेश से घर आया था। मठ की ओर से दिए गए जमीन पर ही उसका परिवार घर बनाकर रहता है। उसका मठ पर आना-जाना था। इसी क्रम में मठ में चोरी की साजिश रची और घटना को अंजाम दिया।
पिछले दिनों मठ से चोरी गई सिलेंडर समेत अन्य सामान को जब्त भी किया गया था। घटना के बाद से फुलदेव फरार चल रहा था। इसके करण उसके गतिविधि पर संदेह गहरा रहा था। इसी बीच गुप्त सूचना पर छापेमारी कर पानापुर ओपीध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता ने उसे पकड़ा।
अज्ञात पर कराया गया था मामला दर्ज
विदित हो कि दो अगस्त की रात बहादूरपुर मठ के महंथ की हत्या कर दी गई थी। दूसरे दिन सुबह में बूढ़ी गंडक नदी किनारे से शव मिला था। इसके बाद लोगों की भीड़ लग गई थी। मामले में उनके पुत्र ने अज्ञात पर मामला दर्ज कराया था।
महंत के पुत्र ने पुलिस को बताया था कि उनके पिता का किसी से कोई विवाद नहीं था। घटना की सूचना पर पुलिस व एफएसल की टीम मौके पर पहुंचकर जांच की थी। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया था।
गुत्थी सुलझाने के लिए गठित की गई थी विशेष टीम
घटना के उदभदेन के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। मानवीय व तकनीकी तरीके से जांच के बाद हत्या में शामिल आनंदी सहनी के पुत्र फुलदेव कुमार उर्फ फुलदेव सहनी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में फुलदेव ने हत्या में संलिप्तता स्वीकार करते हुए साथी के बारे में जानकारी दी। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। साथ ही फुलदेव को जेल भेजने की कवायद की जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।