Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Muzaffarpur News: सर्वे विभाग से बर्खास्त निरीक्षक की वैशाली में गोली मारकर हत्या

    Updated: Mon, 07 Jul 2025 11:15 AM (IST)

    सर्वे विभाग से बर्खास्त निरीक्षक सुरेन्द्र झा (55) बेटी की ससुराल वैशाली के महनार स्थित लावापुर नरायण गांव में समधी विजय झा के रुपये व जमीन से संबंधित विवाद को सुलझाने के लिए गए थे। यह विवाद समधी के चचेरे भतीजे से था। दोनों में रुपये की बात को लेकर नोक-झोंक हुई। इस बीच बाइक सवार बदमाशों ने उनके सिर व सीने में गोली मारी जिससे उनकी मौत हो गई।

    Hero Image
    इस खबर में प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

     संवाद सहयोगी, महनार/कुढ़नी। सर्वे विभाग से बर्खास्त किए गए निरीक्षक सुरेन्द्र झा (55) की उनकी बेटी की ससुराल वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र के लावापुर नरायण गांव में रविवार दोपहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह अपने समधी विजय झा के यहां रुपये व जमीन से संबंधित विवाद के समझौते के लिए गए थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बाइक सवार बदमाशों ने उनके सिर व सीने पर गोली मारी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। महनार थानाध्यक्ष वेदानंद सिंह, एसडीपीओ प्रवीण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना का कारण रुपये के लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया है।

    रजला के ग्रामीणों ने बताया सुरेंद्र झा सर्वे विभाग में काम करते थे। वह निरीक्षक (इंस्पेक्टर) के पद पर थे। उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। सुरेंद्र की पुत्री की शादी विजय झा के पुत्र से हुई है। विजय का पूरा परिवार बाहर में रहता है। दामाद व बेटी पटना में रहती है।

    उनके समधियाने के ही एक व्यक्ति ने उनकी पत्नी और बड़े बेटे से रजला गांव की जमीन के साथ पटना में जमीन और मकान की रजिस्ट्री करवा ली थी। इसकी जानकारी उनको कुछ वर्षों बाद मिली। इसके बाद पंचायती हुई। इसमें रुपये के लेन-देन की बात तय हुई थी। चार दिन पहले भी सुरेंद्र झा यहां समझौते के लिए लावापुर आए थे।

    मामला नहीं सुलझा तो पुनः फैसले के लिए रविवार का दिन तय किया गया था। आज ही रुपये देने की बात थी। यह विवाद समधी विजय झा के चचेरे भतीजे के साथ ही था। सुरेंद्र आटो से समधी के घर पहुंचे। समधी के घर की चाबी लेकर ताला खोलकर अंदर गए। इस दौरान समधी के चचेरे भतीजे से बातचीत होती रही।

    रुपये की बात को लेकर जमकर दोनों में नोक-झोंक भी हुई। इसके बाद सुरेन्द्र झा को दो गोली मार दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के अधिकतर ग्रामीण लावापुर नरायण चले गए। शव उसी गांव में है। सुरेंद्र के दो पुत्र जीतेश झा और सोनू झा हैं।

    प्रारंभिक जांच में रुपये के लेनदेन के विवाद में हत्या किए जाने की बात सामने आई है। इसको लेकर पूर्व में पंचायती भी हुई थी। बदमाशों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। महनार थाने की पुलिस टीम बदमाशों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी में जुटी हुई है।

    प्रवीण कुमार, एसडीपीओ महनार