Muzaffarpur News: 20 बार चाकू से वार, कई जगहों पर दांत से काटा; फिर दुष्कर्म के बाद बच्ची का रेता गला
मुजफ्फरपुर के कुढ़नी में एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद गला रेतकर हत्या का प्रयास किया गया। आरोपी ने बच्ची को कई जगह चाकू मारे और उसे नग्न अवस्था में तालाब किनारे फेंक दिया। गंभीर हालत में उसे एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाने पर हंगामा किया जिसके बाद पुलिस ने आरोपी रोहित सहनी को गिरफ्तार कर लिया।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर/कुढ़नी। कुढ़नी थाने के एक गांव में सोमवार को दुष्कर्म के बाद बच्ची का गला रेत दिया गया। आरोपित ने लगभग 20 जगहों पर चाकू मार जख्मी कर दिया और उसे नग्न अवस्था में पोखर किनारे चौर में फेंक दिया।
पीड़िता को गंभीर हालत में एसकेएमसीएच की आईसीयू में भर्ती कराया गया है। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोपित की गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाने पर दो घंटे तक हंगामा किया।
बाद में कई थानों की पुलिस पहुंची और हल्का बल प्रयोग करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। एसडीपीओ पश्चिमी टू एसी ज्ञानी के निर्देश पर चार थानों की पुलिस ने हरपुर बलड़ा में छापेमारी कर आरोपित रोहित सहनी को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता पांचवीं की छात्रा है।
दलित परिवार की बच्ची की मौसी का घर आरोपित के गांव में है। उसके चाचा ने बताया कि आरोपित गांव में मछली बेचने आया करता था। इस वजह से जान-पहचान थी। सुबह 11 बजे मौसी के घर पहुंचाने के बहाने रोहित उसे साथ ले गया।
देर शाम तक बच्ची मौसी के घर नहीं पहुंची तो आरोपित युवक को कॉल किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद उसकी खोजबीन शुरू की। इसी क्रम में राहगीर ने बच्ची को घायलावस्था में पोखर के समीप देखा और जानकारी दी।
बच्ची की हालत गंभीर
दुष्कर्म व गला रेते जाने से बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है। एसकेएमसीएच की आईसीयू में भर्ती बच्ची बोल नहीं पा रही है। उसके छाती, हाथ, पेट, जांघ समेत 20 से अधिक जगहों पर चाकू के जख्म के निशान मिले हैं। हाथ में कई जगह दांत से काटे जाने के भी निशान हैं।
कुढ़नी थानाध्यक्ष रविप्रकाश ने बताया कि आरोपित को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है। छात्रा को एसआई अंजलि कुमारी इलाज के लिए लेकर एसकेएमसीएच ले गई।
मामले में प्राथमिकी कर आगे की कार्रवाई की जा रही। पीड़िता के पिता नहीं है। बच्ची की मां ने बताया कि उसे दो बेटे और एक बेटी है। पति का तीन साल पहले निधन हो गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।