Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar Politics: 'जिन्न और जिन्ना को चुनाव आयोग ने किया बाहर', SIR पर डिप्टी सीएम विजय सिन्हा की खरी-खरी

    मुजफ्फरपुर में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार में फर्जी मतदाताओं को चुनाव आयोग ने बाहर कर दिया है। उन्होंने राजद और कांग्रेस को परिवारवादी पार्टी बताया और कहा कि बिहार की जनता जातीय उन्माद नहीं फैलने देगी। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में कानून का राज स्थापित किया जा रहा है और अपराधी जेल में हैं।

    By Prem Shankar Mishra Edited By: Rajat Mourya Updated: Tue, 26 Aug 2025 01:54 PM (IST)
    Hero Image
    जिन्न और जिन्ना को चुनाव आयोग ने किया बाहर : विजय

    संवाद सहयोगी, मुशहरी (मुजफ्फरपुर)। बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि बिहार में बाहर से लाए गए लाखों फर्जी मतदाता जिन्न के रूप में निकलते थे। चुनाव आयोग ने घुसपैठिए और विदेशी फर्जी मतदाताओं को निकाल बाहर किया है। जंगलराज के युवराज तेजस्वी यादव और राहुल गांधी लोगों को भरमाने में लगे हैं। मुशहरी प्रखंड के रोहुआ मध्य विद्यालय के सामने स्थित मैदान में सोमवार को वह एनडीए के बोचहां विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उपमुख्यमंत्री ने कहा, चांदी का चम्मच लेकर जन्मे लोगों का समय लद गया है। एनडीए के पांचों दल भाजपा, जदयू, लोजपा, हम और रालोमो पंचामृत के समान हैं। बिहार में नक्सलवाद का पूरी तरह सफाया हो चुका है। अपराधियों के खिलाफ बिहार पुलिस 72 घंटे के भीतर कार्रवाई करती है।

    उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि अराजकता फैलाने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी। बिहार में कानून का राज स्थापित करने का निर्देश शासन और प्रशासन को दिया जा चुका है। आज बिहार के सभी लाभुकों के खाते में सीधे राशि जाती है। खजाना लूटने वाले जेल के अंदर हैं। राजद और कांग्रेस परिवारवादी पार्टी है। बिहार की जनता जातीय उन्माद फैलने नहीं देगी।

    उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि टिकट का निर्णय एनडीए के सभी घटक दलों का शीर्ष नेतृत्व तय करेगा। जिन्हें भी उम्मीदवार घोषित किया जाए, सभी लोगों को मिलकर जिताना है।

    उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अब भारत का नारा जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान के साथ जय अनुसंधान हो गया है। अब भारत हथियार खरीदने वाला नहीं, बल्कि हथियार बेचने वाला देश बन गया है। माहौल देखने से लग रहा है कि बोचहां सहित मुजफ्फरपुर की सभी 11 सीटों पर एनडीए का परचम लहराएगा। साथ ही 2025 फिर से नीतीश की सरकार बनेगी।

    पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि बिहार सरकार अब प्रति माह 125 यूनिट बिजली मुफ्त दे रही है। भाजपा की राज्यसभा सदस्य डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने पूर्व की सरकारों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।

    सभा को पूर्व मंत्री सुरेश कुमार शर्मा, पूर्व मंत्री रामसूरत राय, पूर्व विधायक बेबी कुमारी, लोजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इंदू कश्यप, महानगर जदयू अध्यक्ष अनुपम कुमार, लोजपा जिलाध्यक्ष चुलबुल शाही, भाजपा पश्चिमी जिलाध्यक्ष हरिमोहन चौधरी, पूर्व विधान पार्षद डॉ. गीता कुमारी, फेंकू राम आदि ने संबोधित किया। भाजपा पूर्वी के जिलाध्यक्ष विवेक कुमार ने अध्यक्षता और मुकेश कुमार शर्मा ने संचालन किया। धन्यवाद ज्ञापन भाजपा नेता मनोज कुमार तिवारी ने किया।