Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Muzaffarpur News: देवरिया में दालान पर सो रही वृद्ध महिला की चाकू गोदकर हत्या, राजनीतिक विवाद में हत्या की आशंका

    Updated: Sun, 14 Sep 2025 01:45 PM (IST)

    मुजफ्फरपुर के देवरिया थाना क्षेत्र में एक वृद्ध महिला की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। महिला के नाम पर 14 कट्ठा जमीन थी जिसके चलते भूमि विवाद की आशंका जताई जा रही है। छोटे बेटे ने प्राथमिकी दर्ज कराई है जिसमें राजनीतिक विवाद का ज़िक्र है जबकि पुलिस बंटवारे के विवाद को भी जांच रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

    Hero Image
    इस खबर में प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

    संवाद सहयोगी, पारू (मुजफ्फरपुर)। देवरिया थाना क्षेत्र की देवरिया पंचायत के कमेटी हाल टोला में शुक्रवार की रात दालान में सो रही एक वृद्ध महिला की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन महिला के नाम पर 14 कट्ठा कीमती जमीन होने की बात सामने आई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    स्थानीय लोग भूमि विवाद में इस घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जता रहे थे। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष ने कहा कि छोटे बेटे ने हत्या की प्राथमिकी कराई है।

    इसमें राजनीति विवाद का कारण बताया है। वैसे भाईयों के बीच बंटवारे का विवाद चल रहा था। बहरहाल सभी बिंदुओं पर जांच कर इसकी गुत्थी सुलझाई जा रही है। बताया जाता है कि कमेटी हाल टोला निवासी स्व. महेंद्र साह की पत्नी फूलझड़ी देवी (72) रात करीब आठ बजे खाना खाने के बाद दालान में सो गई थीं। इसी बीच किसी ने पेट में चाकू गोदकर उनकी हत्या कर दी।

    सुबह पांच बजे फूल तोड़ने पहुंची पड़ोस की महिलाओं ने उन्हें जगाया, वृद्धा की मौत हो चुकी थी। हत्या की खबर गांव में आग की तरह फैल गई और सैकड़ों लोग घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलने पर देवरिया थानाध्यक्ष मनोज कुमार साह और अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

    छानबीन के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि मृतका के तीन बेटे हैं, जिनमें से अशोक साह निसंतान हैं। मंझले पुत्र महेश साह के एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं, जबकि गणेश साह के दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। वृद्धा अपने छोटे बेटे गणेश साह के साथ रहती थीं।

    ग्रामीणों ने बताया कि फूलझड़ी देवी के नाम 14 कट्ठा जमीन है, जिसमें बने दालान में वह अकेले रहती थीं। महेश और अशोक दोनों मां पर जमीन का बंटवारा करने का दबाव बना रहे थे। 15 दिनों पहले दोनों के बीच भूमि विवाद में मारपीट हुई थी।

    दोनों ने थाने में एक-दूसरे के विरुद्ध शिकायत की थी। महेश छह दिन पहले गुजरात जाने की बात कहकर घर से निकल गया था। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया जमीन विवाद ही हत्या का कारण प्रतीत हो रहा है। पूर्व के विवाद से लेकर हत्या तक की जांच की जा रही है। जल्द ही हत्यारोपित की पहचान कर ली जाएगी।

    महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। प्राथमिकी कर ली गई है। सभी बिंदुओं पर जांच कर इसकी गुत्थी सुलझाई जा रही है। इसके लिए थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया है।

    राजेश कुमार सिंह प्रभाकर, ग्रामीण एसपी