मुजफ्फरपुर गैस पाइपलाइन ब्लास्ट के बाद खौफ का माहौल, मकान छोड़कर दूसरे मोहल्ले में शिफ्ट हुए लोग
मुजफ्फरपुर के गोबरसही-डुमरी रोड पर गैस पाइपलाइन विस्फोट के बाद आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई है। हादसे में ...और पढ़ें

विस्फोट और आग की भयावहता ने लोगों के दिलों में गहरा खौफ पैदा कर दिया है!
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Gas Pipeline Blast: गोबरसही-डुमरी रोड स्थित कृष्णानगर में हुए गैस पाइपलाइन विस्फोट के बाद से आसपास के मोहल्लों में भयंकर दहशत का माहौल है।
हादसे वाली जगह के समीप किराए के मकानों में रहने वाले कई परिवार अपनी जान और सुरक्षा की चिंता करते हुए घर छोड़कर दूसरे मोहल्लों में शिफ्ट हो गए हैं।
इस भीषण विस्फोट और आग की भयावहता ने लोगों के दिलों में गहरा खौफ पैदा कर दिया है, और खासकर बच्चों के मन में इस घटना का गहरा डर बैठ गया है।
दहशत में स्कूल पहुंचे अभिभावक
हादसे के बाद कई अभिभावक दोपहर में स्कूल की छुट्टी होते ही सीधे अपने बच्चों को लेने पहुंच गए। कुछ लोगों ने स्कूल के प्राचार्यों को जानकारी दी कि वे हादसे वाली जगह के पास ही किराए के मकान में रहते हैं, और विस्फोट के कारण उनका घर भी क्षतिग्रस्त हो गया है।
ऐसी स्थिति में वे दूसरी जगह रहने की व्यवस्था कर रहे हैं और शाम तक बच्चों को सुरक्षित स्थान पर ले जाएंगे। कई परिवार अपने परिजनों के साथ अन्य सुरक्षित मोहल्लों में चले गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना था कि यह हादसा इतना भयानक था कि अब वहां रहना पूरी तरह असुरक्षित महसूस हो रहा है।
लोगों ने बताया कि भले ही विस्फोट गोबरसही-डुमरी रोड पर हुआ, लेकिन इसका जोरदार असर दूर स्थित भगवानपुर के यादव नगर तक महसूस किया गया, जहां कई मकानों की दीवारें हिल गईं। इस वजह से दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले परिवारों में भी भारी भय का माहौल है।
त्रिस्तरीय जांच कमेटी गठित
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी कुमार गौरव और एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने स्थानीय लोगों और अधिकारियों से पूरी जानकारी प्राप्त की। डीएम ने बताया कि इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है, जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों का इलाज एसकेएमसीएच (SKMCH) में और दो अन्य घायलों का उपचार सदर अस्पताल में चल रहा है।
सिविल सर्जन और चिकित्सकों को घायलों के इलाज पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया है।
प्राथमिक सूचना के अनुसार, पथ निर्माण विभाग द्वारा सड़क पर नाला निर्माण के दौरान जेसीबी से खोदाई की जा रही थी, तभी गैस पाइपलाइन फटने और लीकेज के कारण यह विस्फोट हुआ।
घटना में कई मकानों को भी नुकसान पहुंचा है, जिसका आकलन कराया जा रहा है। सरकार द्वारा निर्धारित प्रावधानों के तहत मृतक के परिजनों, घायलों और क्षतिग्रस्त मकानों के स्वामियों को उचित मुआवजा सहायता प्रदान की जाएगी।
24 घंटे के भीतर मांगी गई रिपोर्ट
जिला प्रशासन ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) की अध्यक्षता में एक त्रि-सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी) और जिला अग्निशमन पदाधिकारी को भी शामिल किया गया है।
इस समिति को 24 घंटे के भीतर विधिवत जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की जाएगी, जिसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।