विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में गैस ब्लास्ट ने उजाड़ दी रोजी-रोटी, अब मुआवजे के लिए सड़क पर उतरे गोबरसही के दुकानदार

By Babul deepEdited By: Dharmendra Singh
Published: Tue, 03 Nov 2026 02:09 PM (IST)

मुजफ्फरपुर के गोबरसही में गैस पाइपलाइन विस्फोट से कई दुकानदारों और परिवारों की रोजी-रोटी छिन गई। प्रभावित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

HighLights

  1. गैस पाइपलाइन विस्फोट से मुजफ्फरपुर में कई दुकानें क्षतिग्रस्त हुईं।

  2. प्रभावित दुकानदारों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम की।

  3. एसडीओ ने नुकसान का आकलन कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।

बाबुल दीप, मुजफ्फरपुर। सोमवार को हुए गैस पाइपलाइन विस्फोट ने गोबरसही-डुमरी रोड के कई दुकानदारों और परिवारों की जिंदगी की कमाई पर पानी फेर दिया। किसी की दुकान उजड़ गई तो किसी के घर और उसमें रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद अब प्रभावित लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। अपनी बर्बादी का मुआवजा मांगने के लिए मंगलवार को दुकानदारों और स्थानीय लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने गोबरसही चौक को जाम कर दिया।

दो दर्जन मकान-दुकानों को पहुंचा नुकसान

सोमवार को गैस पाइपलाइन में विस्फोट के बाद लगी आग से करीब दो दर्जन मकान और दुकानें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। इसमें करोड़ों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है।

प्रभावित दुकानदारों का कहना है कि उनकी वर्षों की मेहनत से खड़ी हुई दुकानें बर्बाद हो गईं। अब उनके सामने परिवार का भरण-पोषण करना भी मुश्किल हो गया है।

दुकान से चलता था परिवार का खर्च

दुकानदार प्रमोद कुमार, आमोद समेत अन्य लोगों ने बताया कि दुकानों से होने वाली कमाई से घर का खर्च और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई चलती थी।

हादसे ने उनकी पूरी जमा-पूंजी खत्म कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। ऐसे में नुकसान की भरपाई की जिम्मेदारी भी प्रशासन की है। प्रभावित लोगों ने क्षतिग्रस्त दुकानों, मकानों और सामान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की।

एसडीओ ने दिया कार्रवाई का भरोसा

सड़क जाम और हंगामे की सूचना पर सदर थाने की पुलिस और एसडीओ पूर्वी आनंद उत्सव मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों से बातचीत कर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया।

एसडीओ पूर्वी ने बताया कि हादसे में जिनकी दुकान, मकान या सामान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन सभी की सूची तैयार कराई जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि नुकसान के आकलन के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस भरोसे के बाद भी प्रभावित लोग मुआवजे को लेकर अपनी मांग पर अड़े रहे।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर के गोबरसही गैस हादसे में किसकी चूक से गई जान, जांच के लिए SIT गठित

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर ब्लास्ट के बाद संवेदनशीलता भूले सिटी एसपी, सवालों पर चौंकाने वाला जवाब

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।