मुजफ्फरपुर ब्लास्ट के बाद संवेदनशीलता भूले सिटी एसपी, सवालों पर चौंकाने वाला जवाब
मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन धमाके से इलाके में दहशत फैल गई, जिससे लोगों में भारी गुस्सा है। घटनास्थल पर पहुंचे ...और पढ़ें
HighLights
मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन धमाके से इलाके में दहशत।
सिटी एसपी के असंवेदनशील व्यवहार से लोगों में आक्रोश।
पुलिस और संबंधित विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में गैस पाइपलाइन में हुए भीषण धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज आवाज के साथ लगी आग और अफरातफरी के बीच जिन लोगों की जान बच गई, वे खुद को भाग्यशाली मान रहे थे।
हादसे के बाद लोगों में गुस्सा था। उनकी नाराजगी गैस पाइपलाइन की सुरक्षा में लापरवाही और जिम्मेदार विभाग की सुस्ती को लेकर थी।
इस बीच घटनास्थल पर पहुंचे सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी के व्यवहार ने लोगों की नाराजगी और बढ़ा दी। लोगों का आरोप था कि हादसे के बाद संवेदनशीलता दिखाने और उनकी बात सुनने के बजाय सिटी एसपी अपना प्रभाव जमाने में लगे रहे।
रोक के आग्रह के बाद भी जारी रही खोदाई
स्थानीय लोगों का कहना था कि नाला निर्माण के लिए की जा रही खोदाई रोकने का आग्रह किया गया था। इसके बावजूद काम जारी रखा गया। इसी दौरान अर्थमूवर (जेसीबी) से गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
लोगों के अनुसार, पाइपलाइन टूटने के बाद करीब एक घंटे तक गैस का रिसाव होता रहा। इसकी सूचना देने के बावजूद संबंधित विभाग के कर्मी या पदाधिकारी समय पर नहीं पहुंचे। समय रहते लीकेज बंद कर दिया जाता तो शायद इतना बड़ा हादसा नहीं होता।
पुलिस के समय पर पहुंचने पर उठाए सवाल
हादसे के बाद लोगों का आरोप था कि पुलिस भी समय पर नहीं पहुंची। उनका कहना था कि गैस रिसाव की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय होकर रास्ते को बंद करा देती और लोगों की आवाजाही रोक देती तो कई जानें बच सकती थीं। घटना के करीब दो घंटे बाद जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारियों का घटनास्थल पर पहुंचना शुरू हुआ। सबसे पहले सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी पहुंचे।
लोगों की नाराजगी के बीच रास्ता खाली कराने लगे
घटनास्थल पर पहुंचने के बाद सिटी एसपी लोगों को हटाकर जगह खाली कराने लगे। इस पर स्थानीय लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। उनका कहना था कि जिस तत्परता से अब लोगों को हटाया जा रहा है, ऐसी सक्रियता गैस रिसाव के समय दिखाई गई होती तो शायद हादसे को टाला जा सकता था। लोगों की नाराजगी हादसे के बाद प्रशासनिक व्यवस्था की सुस्ती को लेकर भी थी।
सवाल पूछने पर कैमरे के सामने भड़के
लोगों के हंगामे के बीच मीडियाकर्मियों ने सिटी एसपी से पुलिस के देर से पहुंचने को लेकर सवाल किया। इस पर उन्होंने कैमरे पर जांच कराने की बात कही। इसके बाद वे भड़क गए और कहा कि पुलिस क्या ब्लास्ट रोक लेती। इतना कहने के बाद वे फिर घटनास्थल से भीड़ हटाने में जुट गए।
बीचबचाव के बाद शांत हुआ मामला
सिटी एसपी के इस व्यवहार से वहां मौजूद लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। स्थिति बिगड़ती देख अन्य पुलिसकर्मियों ने बीचबचाव किया और लोगों को शांत कराया।
हादसे में हुए जान-माल के नुकसान से पहले ही आहत लोगों ने एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से संवेदनशीलता और जवाबदेही की अपेक्षा की थी। ऐसे समय में सिटी एसपी के व्यवहार को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन में ब्लास्ट, कोचिंग संचालक का सिर उड़ा, 14 लोग घायल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।