मुजफ्फरपुर के गोबरसही गैस हादसे में किसकी चूक से गई जान, जांच के लिए SIT गठित
मुजफ्फरपुर के गोबरसही में गैस पाइपलाइन फटने से हुए विस्फोट की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआइटी) का गठन ...और पढ़ें

गोबरसही में गैस पाइपलाइन फटा।
HighLights
गोबरसही गैस पाइपलाइन विस्फोट की जांच के लिए SIT गठित।
नाला निर्माण में चूक से एक की मौत, 12 घायल।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। गोबरसही में गैस पाइपलाइन फटने और भीषण विस्फोट के बाद अब हादसे की वजह तलाशने की कवायद तेज हो गई है। सड़क किनारे नाला निर्माण के दौरान हुई एक चूक ने एक व्यक्ति की जान ले ली और 12 लोगों को घायल कर दिया।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। टीम यह पता लगाएगी कि गैस पाइपलाइन किन परिस्थितियों में क्षतिग्रस्त हुई और हादसे के लिए जिम्मेदार कौन है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।
नगर-02 एसडीपीओ करेंगे नेतृत्व
एसएसपी के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में गठित एसआईटी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-02, इंस्पेक्टर अंजनी कुमार सिंह, इंस्पेक्टर मनोज कुमार, सदर थानाध्यक्ष नवलेश आजाद और दारोगा संजय कुमार को शामिल किया गया है। टीम को मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है।
जेसीबी से खोदाई के दौरान हुआ था विस्फोट
विदित हो कि सोमवार को करीब 12:20 बजे सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही में डुमरी मार्ग पर नाला निर्माण के लिए जेसीबी से खोदाई की जा रही थी। इसी दौरान जमीन के नीचे बिछी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन से गैस का रिसाव होने के बाद अचानक विस्फोट हुआ और आग भड़क उठी। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई थी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 12 लोग जख्मी हो गए। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा भी की। वहीं, एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए और जांच के लिए भेजे हैं।
बीडीओ के आवेदन पर प्राथमिकी
इस मामले में मुशहरी के प्रखंड विकास पदाधिकारी के आवेदन के आधार पर सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल की परिस्थितियों और संबंधित पक्षों की भूमिका की जांच कर रही है। एसआईटी के गठन के बाद अब जांच में तेजी आने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।