Muzaffarpur News: गोलियों की गूंज से दहला मुजफ्फरपुर, JDU नेता पप्पू सिंह के घर पर अंधाधुंध फायरिंग
मुजफ्फरपुर के रामबाग चौड़ी इलाके में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह के घर पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। हमले में पप्पू सिंह बाल-बाल बचे। पुलिस ने घटनास्थल से खोखे बरामद कर जांच शुरू कर दी है। पप्पू सिंह जदयू महानगर के उपाध्यक्ष भी हैं। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग चौड़ी इलाके में रविवार की रात पौने नौ बजे अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया और वहां से भाग निकले।
बाल-बाल बचे जदयू नेता
हमले में पप्पू सिंह बाल-बाल बच गए, लेकिन उनकी बुलेट और घर की खिड़की गोली लगने के कारण क्षतिग्रस्त हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर मिठनपुरा थानाध्यक्ष रामएकबाल प्रसाद ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
सीसीटीवी फु्टेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष ने कहा कि घटनास्थल से 7.65 के चार खोखे जब्त किए गए हैं। आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया है। इसमें दो बदमाशों की तस्वीर कैद मिली है। पुलिस उसके आधार पर बदमाशों की गिरफ्तारी को लेकर छापामारी की जा रही है।
जदयू महानगर के उपाध्यक्ष भी हैं पप्पू सिंह
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष जदयू महानगर के उपाध्यक्ष भी हैं। इसके साथ ही वे प्रॉपर्टी डीलिंग का भी काम भी करते हैं। घटना का कारण स्पष्ट नहीं है।
बताया गया कि रविवार की शाम रामबाग चौड़ी स्थित बालू-सीमेंट की दुकान एवं कार्यालय से निकलकर एक रिसेप्शन में शामिल होने गए थे। वहां से लौटकर घर पहुंचे। बुलेट घर के अंदर खड़ी कर हाल में चले गए।
इसके बाद वहां दो परिचित से बातचीत करने लगे। इसी क्रम में बाइक से आए दो बदमाशों ने बाहर से हाल को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस पर वह और उनके दोनों परिचित छिपकर भागते हुए छत पर पहुंचे। ऊपर से देखा तो दोनों बदमाश बाइक स्टार्ट कर भाग निकले।
एक घंटे से रेकी कर रहे थे बदमाश
जिलाध्यक्ष ने बताया कि घटना के बाद मोहल्ले के लोगों ने उन्हें जानकारी दी कि बाइक से दो संदिग्ध युवक करीब एक घंटे से रेकी कर रहे थे। कई बार उनके घर तक पहुंचे फिर बाइक घुमाकर मेन रोड पर चले गए। उन्हें संदेह है कि उन्हीं दोनों युवकों ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है।
बताया जा रहा कि जदयू नेता का कई लोगों से विवाद चल रहा है, लेकिन कभी आमना-सामना नहीं हुआ। इससे यह कहा जा सके कि किसने गोली चलाई है। उन्होंने सामाजिक वर्चस्व में ही घटना को अंजाम देने की बात कही है। पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
ये भी पढ़ें
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।