Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    CM नीतीश कुमार का सावन में तोहफा, इन जिलों में बिछेगा सड़कों का जाल; शिवहर-सीतामढ़ी का सफर होगा आसान

    Updated: Fri, 01 Aug 2025 02:47 PM (IST)

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुजफ्फरपुर में सात विकास योजनाओं का शिलान्यास किया जिनमें आरओबी पुल और सड़कें शामिल हैं। इन परियोजनाओं से शहर और गांवों में यातायात सुगम होगा और जाम से मुक्ति मिलेगी। चंदवारा पुल के शुरू होने से शहरवासियों को एनएच-57 से जुड़ने में आसानी होगी जबकि माड़ीपुर आरओबी से दुर्घटनाएं कम होंगी। गायघाट में पुल बनने से 20 हजार लोगों की नाव पर निर्भरता खत्म होगी।

    Hero Image
    बेहतर यातायात के साथ जाम से मिलेगी निजात

    प्रेम शंकर मिश्रा, मुजफ्फरपुर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को जिले में सात विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज), पुल और सड़क की इन योजनाओं के पूरा होने के बाद शहर से लेकर गांव तक यातायात बेहतर हो जाएगा। इसके अलावा जाम से भी निजात मिल सकेगी। वहीं मधौल से लेकर कपरपुरा तक बायपास से एनएच-28 पर दबाव कम हो जाएगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    योजनाओं का शिलान्यास करते हुए सीएम ने भी कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से जिले में और बेहतर यातायात व्यवस्था हो जाएगी।

    चंदवारा पुल शीघ्र हो जाएगा चालू:

    करीब तीन वर्ष पूर्व ही बनकर तैयार चंदवारा पुल से यातायात शुरू नहीं हो सका था। यह इस कारण कि इसके लिए संपर्क पथ का निर्माण नहीं हो सका था। मुख्यमंत्री ने पुल की दोनों तरफ संपर्क पथ का शिलान्यास किया।

    इस पुल से यातायाता चालू होने पर शहर को जाम से काफी हद तक निजात मिल जाएगी। शहरवासी इस पुल से सीधे एनएच-57 से जुड़ जाएंगे। इससे दरभंगा जाने में समय भी कम लगेगा। इससे खर्च भी कम हो जाएगा। मुजफ्फरपुर-पूसा रोड के साथ ही अखाड़ाघाट पुल पर से भी दबाव काफी कम हो जाएगा।

    माड़पुर आरओबी बनने से समय की बचत के साथ हादसे भी कम होंगे:

    माड़ीपुर पावर हाउस चौक पथ पर आरओबी के निर्माण से गोबरसही चौक से शहरी क्षेत्र में प्रवेश एवं निकास सुगम हो जाएगा। अभी एनएच-22 पर अधिक दबाव रहता है। साथ ही हादसे अधिक होते। आरओबी निर्माण से हादसे कम होंगे और समय की भी बचत होगी। वहीं, चांदनी चौक से रामदयालु तक सड़क के चौड़ीकरण से भी आवागमन सुगम होगा।

    इस क्षेत्र में वाहनों की अधिक आवाजाही और कामर्शियल कांप्लेक्स से जाम की समस्या बनी रहती है। पटना से आने और जाने वाले वाहनों की इस क्षेत्र में संख्या अधिक रहती है। व्यस्त क्षेत्र में सड़क की चौड़ाई बढ़ने से हादसे कम हो जाएंगे। वहीं जाम नियंत्रित होने से समय और ईंधन की बचत होगी।

    जीरो माइल क्षेत्र में भी जाम से मिलेगी निजात:

    चांदनी चौक से बखरी तक 7.65 किमी की लंबी सड़क को चौड़ा किया जाएगा। पथ को दोनों तरफ 10-10 मीटर चौड़ा करते हुए 2.5 मी डिवाइडर का निर्माण किया जा रहा है। वर्षा के पानी की निकासी के लिए विशेष बाक्स कल्वर्ट का प्रविधान किया गया है। चांदनी चौक से बैरिया गोलंबर एवं न्यू जीरो माइल को जोड़ने वाले इस पथ के चौड़ीकरण से मोतिहारी, दरभंगा और सीतामढ़ी जाना सुगम हो जाएगा।

    नाव पर निर्भरता होगी खत्म:

    गायघाट के भटगामा मधुरपट्टी में 24.28 करोड़ से बनने वाले पुल का वर्षों से इंतजार था। यह इंतजार तब और गंभीर हो गया जब दो वर्ष पूर्व यहां नाव हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई थी। 174.24 मीटर लंबे इस आरसीसी पुल के निर्माण से करीब 20 हजार की आबादी की नाव पर निर्भरता कम हो जाएगी। यहां स्कूल भी बच्चे नाव से जाते हैं। पुल निर्माण से नाव की निर्भरता कम होगी और हादसे का खतरा भी नहीं रहेगा।

    शिवहर और सीतामढ़ी जाने का बेहतर विकल्प:

    कांटी से रघईघाट पथ के चौड़ीकरण का भी सीएम ने शिलान्यास किया। 9.70 किमी लंबी इस सड़क की चौड़ाई अभी सात मीटर है। इसे दोनों तरफ 5.5-5.5 मीटर चौड़ा किया जाएगा। 0.5 मीटर का डिवाइडर भी होगा। इस पथ के चौड़ीकरण से शिवहर और सीतामढ़ी जाना पश्चिमी क्षेत्र के लोगों के लिए सुगम होगा।

    वहीं, शिवहर-मीनापुर-कांटी पथ के चौड़ीकरण से एनएच-27 होते हुए गोपालगंज, दरभंगा, मोतिहारी आदि जगह जाना आसाना होगा। करीब 52 करोड़ की लागत से इसका चौड़ीकरण किया जा रहा है। 9.370 किमी लंबी सड़क की चौड़ाई सात मीटर से बढ़ाकर 11 मीटर की जा रही है। वहीं 1.25 मीटर का डिवाइडर भी होगा।

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जदयू नेताओं ने किया स्वागत

    मुजफ्फरपुर आगमन पर जदयू जिलाध्यक्ष रामबाबू सिंह कुशवाहा एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का स्वागत किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि हमें गर्व है कि हम ऐसे नेता के नेतृत्व में कार्य कर रहे हैं जो वादों से अधिक जमीन पर काम करते हैं।

    महानगर जदयू अध्यक्ष अनुपम कुमार ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए बताया कि उन्होंने जो प्रगति यात्रा में जो वादा किया था उसका शिलान्यास करके पूरा किया। इसके लिए मुजफ्फरपुर जिलावासियों कि ओर से कोटि कोटि धन्यवाद।

    मुख्यमंत्री ने यह दर्शा दिया कि वह वोट की नहीं वोटरों की चिंता करते हैं। मौके पर मनोज किसान, अरुण कुशवाहा, शैलेश कुमार शैलू, कुंदन शांडिल्य, सच्चितानंद शाही, निर्मल गुप्ता समेत अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।