बिहार में लौटी 'गुलाबी ठंड': कोहरे की सफेद चादर में लिपटा मुजफ्फरपुर-बेतिया, दिन में जलानी पड़ी हेडलाइट
मुजफ्फरपुर और बेतिया में ठंड की दस्तक के साथ घना कोहरा छा गया है, जिससे सुबह का नजारा बेहद मनमोहक हो गया है।

कोहरे की चादर के बीच हाईवे पर रेंगते वाहन। जागरण फोटो
HighLights
मुजफ्फरपुर और बेतिया में घना कोहरा छाया।
कम दृश्यता के कारण यातायात हुआ प्रभावित।
ठंड बढ़ने से लोगों ने अलाव का सहारा लिया।
जागरण टीम, मुजफ्फरपुर/बेतिया। ठंड की दस्तक के साथ ही मुजफ्फरपुर शहर और जिले के ग्रामीण इलाकों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। बुधवार की सुबह अहियापुर थाना इलाके के झपहां, बखरी, पहाड़पुर समेत अन्य ग्रामीण क्षेत्रों समेत आसपास के क्षेत्र घने कोहरे की सफेद चादर में लिपटे नजर आए।
धुंधली सुबह ने जहां एक ओर कुदरत की अनूठी खूबसूरती बिखेरी, वहीं दूसरी ओर बढ़ी हुई कनकनी ने लोगों को गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेने पर मजबूर कर दिया है।
वापस लौटा गुलाबी ठंड का एहसास
सुबह आंख खुलते ही ग्रामीणों को चारों तरफ सिर्फ कोहरा ही कोहरा दिखाई दिया। केवटसा गांव के खेत-खलिहानों, पेड़ों और पगडंडियों पर जमी ओस की बूंदों और धुंध ने वादियों जैसा मनमोहक नजारा पेश किया।
स्थानीय लोगों और युवाओं ने इस प्राकृतिक सुंदरता का खूब आनंद लिया और सुबह की सैर पर निकले लोग इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करते दिखे।
फोरलेन पर रेंगते नजर आए वाहन
कोहरे का असर यातायात पर भी साफ देखने को मिला। दृश्यता (विजिबिलिटी) कम होने के कारण मुजफ्फरपुर-दरभंगा फोरलेन और ग्रामीण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। चालकों को दिन में भी गाड़ियों की हेडलाइट और इंडिकेटर जलाकर सफर करना पड़ा।
सुबह-शाम बढ़ी कनकनी
मौसम के इस बदलाव के साथ ही सुबह और शाम के समय ठंड में इजाफा हुआ है। ग्रामीण इलाकों में बुजुर्ग और बच्चे सुबह की धूप निकलने तक अलाव तापते नजर आए। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ ही सूरज की किरणों ने कोहरे की चादर को चीरना शुरू किया, जिससे लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली।

बेतिया में भी मौसम ने बदली करवट, नवंबर में पहली बार छाई धुंध
नवंबर के दूसरे पखवाड़े में मौसम ने करवट ली है। बुधवार की सुबह जिले में पहली बार धुंध का असर देखने को मिला। सुबह आसमान में धुंध छाई रही, जिससे दूर तक देखने में परेशानी हुई।
सड़कों पर आवाजाही करने वाले वाहन चालकों को भी सतर्कता बरतनी पड़ी। सुबह-सुबह घरों से निकलने वाले लोगों को मौसम में हल्की ठंडक का एहसास हुआ।
हालांकि, दिन चढ़ने के साथ धुंध छंटने और धूप निकलने की संभावना है। मौसम में इस बदलाव को सर्दी की दस्तक के रूप में देखा जा रहा है।
सुबह और शाम के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को सुबह के समय सावधानी बरतने की जरूरत है।
मौसम के इस बदलाव के बीच किसानों की नजर भी आसमान पर टिकी है। रबी फसलों की बुआई के दौर में तापमान और नमी का उतार-चढ़ाव खेती को प्रभावित कर सकता है।
यह भी पढ़ें- बिहार में अचानक करवट लेगा मौसम: 13 जिलों में बारिश के आसार, 16 शहरों का लुढ़का तापमान
यह भी पढ़ें- बिहार में रबी फसलों को मिलेगा मौसम का साथ, अगले 5 दिन साफ रहेगा मौसम; धीरे-धीरे ठंड बढ़ने के आसार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।