बिहार में रबी फसलों को मिलेगा मौसम का साथ, अगले 5 दिन साफ रहेगा मौसम; धीरे-धीरे ठंड बढ़ने के आसार
मुजफ्फरपुर में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क और साफ रहेगा, जिसमें रात का तापमान गिरेगा और दिन में हल्की गर्मी महसूस होगी।
-1794947597204_m.webp)
मौसम की सांकेतिक तस्वीर
HighLights
अगले पांच दिन मुजफ्फरपुर में मौसम रहेगा शुष्क और साफ।
रात का तापमान गिरेगा, दिन में हल्की गर्मी का अनुभव।
रबी फसलों जैसे आलू, मक्का, मटर के लिए अनुकूल।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। सुबह धूप निकली। आसमान में बादल छाए रहे। अगले पांच दिनों तक मौसम साफ और शुष्क रहेगा।
ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा द्वारा जारी 22 नवंबर के पूर्वानुमान के अनुसार, इस दौरान अधिकतम तापमान 26-30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान में 1-2 डिग्री की गिरावट के साथ यह 14-17 डिग्री के बीच पहुंच सकता है।
सुबह में आर्द्रता 80-90 प्रतिशत और दोपहर में 40-45 प्रतिशत रहने का अनुमान है। हवा पूर्वी दिशा से 4-5 किमी प्रति घंटा की गति से चलेगी।
मौसम का सीधा असर रबी सीजन पर पड़ेगा। वरीय मौसम विज्ञानी डॉ. ए सतार ने बताया कि दिन में हल्की गर्मी और रात में बढ़ती ठंडक आलू, रबी मक्का, मटर, सरसों, ब्रोकली और चुकंदर जैसी फसलों के लिए सबसे अनुकूल मानी जाती है।
पिछले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और न्यूनतम 15.4 डिग्री रिकार्ड किया गया। मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री नीचे 14.5 डिग्री रहा, जो ठंड के धीरे-धीरे बढ़ने का संकेत है।
डॉ. सतार ने कहा कि शुष्क मौसम में किसान बिना रुकावट खेत की तैयारी, बुआई कर सकते हैं। सुबह की अधिक नमी के कारण आलू में झुलसा रोग का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए निगरानी जरूरी है।
रबी मक्का के लिए शक्तिमान सीरीज और राजेन्द्र शंकर मक्का की किस्में उपयुक्त हैं। मटर के लिए रचना, अपर्णा, हरभजन और काशी प्रिया किस्मों की बुवाई करें। इसके साथ ही ब्रोकली और चुकंदर की बुवाई का भी यह सही समय है।