Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Muzaffarpur News: ROB के डिजाइन में नहीं होगा बदलाव, डुमरी में टूटेंगे कई मकान-दुकान

    Updated: Wed, 06 Aug 2025 11:01 PM (IST)

    मुजफ्फरपुर में गोबरसही आरओबी निर्माण में तेजी आई है। रैयतों ने डिजाइन में बदलाव और सर्विस लेन हटाने की मांग की ताकि कम नुकसान हो। विभाग ने स्पष्ट किया कि सर्विस लेन जरूरी है और डिजाइन में बदलाव संभव नहीं। परियोजना 167 करोड़ की लागत से बन रही है जिसके बाद रेलवे फाटक बंद हो जाएगा।

    Hero Image
    डुमरी में ROB के डिजाइन में बदलाव नहीं होने से टूटेंगे कई मकान

    जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। गोबरसही ROB के निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है। बुधवार को पुल निर्माण विभाग के अधिकारियों की ओर से रैयतों के साथ जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान करीब 30 रैयतों ने भाग लिया। परियोजना अभियंता अंब्रीश कुमार सिंह के साथ पूरी टीम मौजूद थी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रैयतों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानी गईं। रैयतों ने आरओबी के डिजाइन में बदलाव कर इसे वाई शेप में बनाने की मांग की। साथ ही सर्विस लेन नहीं बनाने की बात कही। रैयतों ने कहा इस डिजाइन पर आरओबी बनाया जाता है, तो कई मकान व दुकानें तोड़नी पड़ेंगी। रैयतों ने उनकी समस्याओं को सुनकर एक बार फिर से इसपर निर्णय लेने का अनुरोध किया।

    परियोजना अभियंता ने निर्माण की पूरी प्रक्रिया व डिजाइन से अवगत कराया। साथ ही दुकानें व मकान टूटने की स्थिति में मुआवजा के प्रविधान की भी जानकारी दी। कहा कि सर्विस लेन नहीं बनेगी तो फिर आरओबी बनाने का कोई फायदा ही नहीं होगा। सभी लोग ऊपर से कैसे जाएंगे?

    इसके अलावा डुमरी रोड में एक रैंप गिराना भी आवश्यक है, तभी इस परियोजना का लाभ सभी लोगों को मिलेगा। परियोजना अभियंता ने बताया पूर्व में डुमरी में 24 मीटर चौड़ा रैंप बनाने का डिजाइन तैयार किया गया था, लेकिन बाद में इसमें बदलाव कर अब 22 मीटर किया गया है। इसी पर प्रशासनिक स्वीकृति भी मिली है।

    रेलवे समपार फाटक किया जाएगा बंद

    डिजाइन को लेकर परियोजना अभियंता ने कहा कि Y शेप में वाहनों की टर्निंग रेडियस कम होती है। वैसे ही T शेप में डुमरी के ट्रैफिक को आने में यू टर्न लेना होता है। ऐसे में जाम से निजात नहीं मिलती और समस्या यथावत ही बनी रहती।

    उन्होंने कहा कि जो डिजाइन तैयार किया गया है अब उसी के अनुसार कार्य किया जाएगा। इसके बाद रेलवे समपार फाटक को बंद कर दिया जाएगा। बताया कि मुशहरी प्रखंड के भगवानपुर व गोबरसही उर्फ गोवर्धनपुर मौजा के 30 रैयतों से करीब 0.838 एकड़ जमीन अधिग्रहण की जानी है।

    इसके लिए सामाजिक प्रभाव का आकलन किया जा रहा है। इसके तहत जनसुनवाई का आयोजन किया गया है। विदित हो कि करीब 167 करोड़ की लागत से इसका निर्माण किया जा रहा है।