मुजफ्फरपुर में बच्चा समेत घर से अगवा महिला का लोकेशन मिला गुजरात
Muzaffarpur News अस्पताल कर्मी की पत्नी व बच्चा अगवा मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस कर रही जांच खंगाला जा रहा मोबाइल का काल डिटेल्स। दूसरे प्रदेश जाने के लिए आइजी से अनुमति लेकर सदर थाने की पुलिस होगी रवाना।

मुजफ्फरपुर,जागरण संवाददाता। सदर थाना क्षेत्र के बीबीगंज मुहल्ले में रहने वाले एक निजी अस्पताल कर्मी की पत्नी व बेटे का अपहरण करने का मामला सामने आया है। खोजबीन में पता नहीं चलने पर पति चंदन कुमार ने सदर थाने में अपहरण की प्राथमिकी कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दिए गए आवेदन में कहा कि वैशाली जिले के मूल निवासी चंदन शहर के एक निजी अस्पताल में काम करते हैं। बीबीगंज में उसका डेरा है। पांच अक्टूबर को उनकी पत्नी व दो वर्ष का बेटा बाजार गए थे। इसके बाद वे दोनों घर नहीं लौटे। इस बीच उनके रिश्तेदार जब घर पर आए तो दरवाजा खुला व किसी को नहीं देख हैरान हो गए। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी चंदन को दी। सूचना पर वे अस्पताल से घर लौटे।
छानबीन में पता चला कि घर में रखे गए एक लाख रुपये व जेवर भी नहीं है। इसके बाद वह परेशान हो गए। महिला के मोबाइल पर काल किया तो बंद बता रहा था। शिकायत के बाद पुलिस ने इसकी छानबीन शुरू की। इसमें महिला का लोकेशन गुजरात में है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि महिला खुद से घर से निकल गई है। बहरहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर महिला व बच्चे की सकुशल बरामदगी की कवायद में जुटी है। इधर, घटना को लेकर महिला के स्वजन चिंतित हैं। पुलिस का कहना है कि दूसरे प्रदेश में लोकेशन मिला है। इसके लिए आइजी से अनुमति लेकर टीम यहां से रवाना होगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।