NH-27 पर दो जगहों पर बनाया जाएगा फ्लाईओवर, NHAI जल्द करेगा सर्वे
मुजफ्फरपुर के राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर मोतीपुर और नरियार में जाम की समस्या से निजात पाने के लिए फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। उपमुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनप्रतिनिधियों ने यह मुद्दा उठाया था। एनएचएआई जल्द ही सर्वे शुरू करेगा। मधौल जंक्शन पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षात्मक उपाय करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग 27 मोतिहारी रोड में दो जगहों पर जाम से निजात दिलाने के लिए फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इसका प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसके लिए मोतीपुर और नरियार को चिह्नित किया गया है। शीघ्र ही एनएचएआई इसके लिए सर्वे का कार्य शुरू करेगा।
दरअसल, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में पिछले माह आयोजित 20 सूत्री की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने इस मुद्दे को उठाया था। बताया था कि मोतीपुर के जीवछ कालेज और नरियार में हनुमान मंदिर के पास फ्लाईओवर नहीं होने के कारण अक्सर एनएच पर जाम की समस्या उत्पन्न होती है। इससे कई बार दुर्घटना भी होती है। आवागमन बाधित होता है। इससे लोगों को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए उक्त स्थलों पर फ्लाईओवर के निर्माण की आवश्यकता जताई गई है।
बताया गया कि इस मार्ग में कई जगहों पर फ्लाईओवर और अंडरपास बनाने का कार्य किया जा रहा है। अगर उक्त दोनों जगहों पर भी फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा तो सराहनीय होगा। इसके आलोक में उपमुख्यमंत्री ने एनएचएआइ के पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। डीएम ने भी इसकी रिपोर्ट मांगी है।
अब एनएचएआई की ओर से सर्वे कर इसका प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। फ्लाईओवर बनने से मोतिहारी, बेतिया, साहेबगंज, गोपालगंज, सीवान से लेकर गोरखपुर तक जाना आसन होगा। इस फोरलेन पर निर्बाद्ध रूप से यात्रा कर सकेंगे।
नए बाईपास के पास हादसे रोकने को सुरक्षात्मक उपाय : मुजफ्फरपुर-हाजीपुर फोरलेन और मुजफ्फरपुर-हाजीपुर नई बाईपास का मधौल में जंक्शन प्वाइंट है। इससे वहां पर वाहनों का अत्यधिक दबाव कभी-कभी हो जाता है। पिछले करीब तीन माह से इस कारण आधा दर्जन हादसे हो चुके हैं और एक युवक की मौत हो गई थी।
बैठक में इस मुद्दे को भी उठाते हुए वहां पर हादसे रोकने के लिए निरोधात्मक उपाय करने की मांग की गई। उपमुख्यमंत्री ने एनएचएआई को शीघ्र मधौल जंक्शन प्वाइंट पर सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।