घर में सो रही बुजर्ग महिला की चाकू गोदकर हत्या, बेटों पर लगा आरोप; जमीन बंटवारे से जुड़ा है मामला
मुजफ्फरपुर के पारू में देवरिया पंचायत के एक गांव में वृद्ध महिला की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है। मृतिका के नाम 14 कट्ठा जमीन थी जिसको लेकर बेटों में विवाद था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संवाद सहयोगी, पारू। देवरिया थाना क्षेत्र के देवरिया पंचायत के देवरिया कमिटी हॉल टोला में शुक्रवार की रात सो रही एक वृद्ध महिला की पेट में चाकू गोद कर हत्या कर दी। घटना की जानकारी देवरिया पुलिस को शनिवार की सुबह मिलते ही घटनास्थल पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए SKMCH भेज दिया।
घटना को लेकर गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। वृद्ध महिला की हत्या के पीछे महिला के नाम चौदह कट्ठा कीमती जमीन होना बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक स्वर्गीय महेंद्र साह की 72 वर्षीय पत्नी फुलझड़ी देवी करीब आठ बजे रात में खाना खाने के बाद सो रही थी, इसी बीच किसी हत्यारे ने उक्त वृद्ध महिला की पेट में चाकू गोद कर हत्या कर फरार हो गया।
सुबह पांच बजे के करीब फूल तोड़ने वाली महिलाएं पहुंची, तो महिला को सोते देख चर्चा करने लगी कि पहले चार बजे सुबह जगी रहती थी, आज सो रही है। कुछ समय बाद मृतिका के घर का कोई व्यक्ति जब दालान पर गया तो देखा कि पेट में चाकू गोद कर हत्या कर दी गई है।
हत्या की चर्चा आग की तरह फैल गई और गांव के सैकड़ों पुरुष महिलाएं घटनास्थल पर जुट गए। सूचना पर देवरिया थानाध्यक्ष मनोज कुमार साह, भिखारी प्रसाद समेत अन्य पुलिस अधिकारी पहुंच घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।
जमीन विवाद की वजह से हत्या की आशंका
बताया गया है कि मृतिका को तीन बेटे हैं, जिसमें अशोक साह निसंतान है, जबकि महेश साह को एक पुत्र और तीन पुत्री है, जबकि गणेश साह को दो पुत्र और तीन पुत्री है। मृतका अपने छोटे बेटे गणेश साह के साथ रहती थी, तीनों बेटे एक ही घर में अलग-अलग रहते हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक मृतिका फुलझड़ी देवी के नाम चौदह कटठे का एक प्लाट है, जिसमें पूर्व में बने एक दालान में अकेले रहती थी। महेश और अशोक दोनों मां के नाम वाली जमीन बंटवारा करने का दबाव मां पर बनाते आ रहे थे, लेकिन मृतका का कहना था कि मैं जमीन का बंटवारा नहीं करुंगी, मेरे मरने के बाद तीनों भाई बांट लेना।
मां की बात को दोनों भाई मानने को तैयार नहीं थे, और बार-बार बंटवारे को लेकर विवाद होता रहता था। कुछ लोगों ने बताया कि जब भी विवाद होता तो मां की हत्या कर जमीन बांट लेने की बात बोला करता था।
15 दिन पहले हुआ था विवाद
ग्रामीणों ने बताया कि पंद्रह दिनों पूर्व महेश और अशोक के बीच जमीन विवाद को लेकर मार-पीट हुई थी, दोनों एक दुसरे के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत की थी, उसके बाद थानाध्यक्ष मनोज कुमार साह स्वयं घटनास्थल पहुंच मामले की जांच की।
बताया गया है महेश छह दिनों पूर्व गुजरात जाने की बात बोल घर से निकल गया था। घटना के बाद चर्चा इस बात को लेकर भी हो रही है कि दूसरा कोई व्यक्ति क्यों वृद्ध महिला की हत्या करेगा? उसे क्या लेना-देना है?
दबी जुबान लोग अशोक और महेश के संबंध में बता रहे हैं कि इन दो भाई का ही जमीन बंटवारे को लेकर मां से विवाद हो रहा था। थानाध्यक्ष मनोज कुमार साह ने बताया कि प्रथम दृष्टया जमीन विवाद ही हत्या का कारण प्रतीत हो रहा है, बशर्ते पुलिस पूर्व के विवाद से लेकर हत्या तक की कुंडली खंगाल रही है, बहुत जल्द हत्यारे की शिनाख्त कर ली जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।