फर्जी कोर्ट और वकील, हरियाणा की रिटायर्ड टीचर से ठगे ₹1.23 करोड़; बिहार के मुजफ्फरपुर से 2 साइबर फ्रॉड गिरफ्तार
हरियाणा की एक रिटायर्ड महिला शिक्षक से 'डिजिटल अरेस्ट' के नाम पर 1.23 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले दो साइबर बदमाशों को मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया गया है।
-1794849218811_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर
HighLights
मुजफ्फरपुर में दो साइबर ठग 'डिजिटल अरेस्ट' मामले में गिरफ्तार।
हरियाणा की रिटायर्ड शिक्षिका से 1.23 करोड़ रुपये की ठगी।
फर्जी कोर्ट, वकील बनाकर किया गया था यह बड़ा फ्रॉड।
आकाश कुमार, मुजफ्फरपुर। हरियाणा के कैथल जिले में पांच दिनों तक डिजिटल अरेस्ट के नाम पर एक रिटायर्ड महिला शिक्षक से 1.23 करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में करजा थाना क्षेत्र से दो संदिग्ध साइबर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई हरियाणा के कैथल के साइबर थाने की पुलिस ने करजा थाने की पुलिस के सहयोग से की है। दोनों बदमाशों काे पुलिस हाजीपुर-मुजफ्फरपुर फोरलेन से पीछा कर रही थी। इस बीच वैज्ञानिक जांच के आधार पर पुलिस ने बथना के समीप घेराबंदी कर पकड़ा।
वे बस में सवार होकर कहीं भागने की फिराक में थे। इसके पहले ही पकड़े गए। पूछताछ में साइबर बदमाशों की पहचान भागलपुर जिले के पंकज कुमार और सुमित कुमार के रूप में हुई है।
हरियाणा पुलिस ने शातिरों को एसडीजेएम (पश्चिमी) के कोर्ट में प्रस्तुत किया। कोर्ट ने आरोपितों की हरियाणा पुलिस को ट्रांजिट रिमांड दे दी है।
बताया गया कि हरियाणा के कैथल जिले के साइबर थाने में 9 नवंबर को मामला दर्ज कराया गया था। इसमें कई मोबाइल नंबर व खाताधारकों के साथ विजय खन्ना व राहुल गर्ग नामक व्यक्ति को नामजद आरोपित बनाया गया था।
फोन पर रची फर्जी अपराध की कहानी
प्रताप गेट कैथल निवासी व रिटायर्ड महिला शिक्षक वेद कुमारी को तीन नवंबर को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। उनसे कहा कि उनके नाम पर केनरा बैंक में फर्जी खाता होने और उसमें अवैध लेनदेन का झूठा आरोप लगाया गया।
इसके अगले दिन वाट्एसप नंबर के जरिए खुद को पुलिस अधिकारी विजय खन्ना बताकर सरकारी मुहर लगा फर्जी गिरफ्तारी वारंट भेजा।
इसके बाद डिजिटल अरेस्ट करने का झांसा दिया। बदमाशों ने खौफ पैदा करने के लिए पांच नवंबर को वीडियो कॉल पर फर्जी कोर्ट और फर्जी वकील राहुल गर्ग की पेशी का नाटक रचा।
जज और वकील के नाम पर यह दबाव बनाया कि बेगुनाही साबित करने के लिए सारा पैसा सरकारी खाते में जमा करवाना होगा।
डर और भय के माहौल में आकर पीड़िता ने एचडीएफसी बैंक की अपनी प्री-मैच्योर एफडी तुड़वाकर और डाकघर से 28 किसान विकास पत्रों की 90 लाख रुपये की राशि को एसबीआई खाते में मंगवाकर विभिन्न किस्ताें में 1.23 करोड़ रुपये आरटीजीएस के माध्यम से बंधन बैंक के खातों में ट्रांसफर कर दी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।