मां ने कर्ज लेकर दिलाया था फोन, रील बनाते समय गई जान; बिहार में 5 घंटे बाद बच्चे के जिंदा होने के दावा झूठा
समस्तीपुर में एक किशोर रील बनाते समय पानी में डूब गया, जिसके बाद उसे 5 घंटे बाद जिंदा निकालने की भ्रामक खबर इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
समस्तीपुर में रील बनाते समय किशोर की डूबकर मौत हो गई।
उसे पानी से जिंदा निकालने की खबर पूरी तरह भ्रामक थी।
पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। जिले में हुए एक हादसे की भ्रामक खबर इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इसमें पानी में डूबे एक किशोर को पांच घंटे बाद जिंदा निकालने का दावा किया जा रहा। यह पूरी तरह से गलत और भ्रामक है।
किशोर के पानी में डूबने के बाद घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटी थी। एसडीआरएफ और स्थानीय मछुआरा की टीम उसकी खोजबीन में जुटी थी। करीब पांच घंटे के बाद शव को पानी से कड़ी मशक्कत के बाद खोजबीन कर निकाला गया।
इस दौरान मौजूद स्वजन उसे सीधे उठाकर सदर अस्पताल ले जाने लगें, ताकि चिकित्सक उसका परीक्षण कर सके। हालांकि, उसे एक ई-रिक्शा पर चढ़ाकर एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसी बीच कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर उसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो में उसके जिंदा होने और उसे इलाज के लिए ले जाने का दावा किया जा रहा था। हालांकि, यह पूरी तरह से गलत और भ्रामक थी। वह मृत ही पोखर से निकाला था।
थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह और सीओ आनंद शंकर भी घटनास्थल पर ही मुस्तैद थे। किसी ने भी उसके जिंदा निकाले जाने की पुष्टि नहीं की है।
इधर, पुलिस ने मामले में स्वजन के आवेदन पर यूडी केस दर्ज किया है। अब, उसके मौत की जांच पड़ताल की जा रही है। बताया गया कि किशोर को उसकी मां ने धनतेरस के दिन ही नया मोबाइल खरीदकर दिया था। उसने 50 हजार रुपये का फोन कर्ज लेकर खरीदा था।
नया मोबाइल मिलने पर गोलू अधिक उत्साहित था। नहाएं खाएं के दिन वह मोबाइल अपने एक दोस्त को देकर स्वयं पानी के भीतर एक्शन कर रील बना रहा था। उसे सही ढंग से तैरना भी नहीं आता था।
इसी बीच पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने की वजह से वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते पानी में समा गया। रील शूट कर रहा दोस्त जब तक कुछ समझ पाता, वह पानी के भीतर समा चुका था।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
इंटरनेट मीडिया पर जैसे ही उसके जिंदा होने की खबर डाली तो लोग भौंचक रह गए। देखते ही देखते कुछ ही समय में रील वायरल हो गई। खबर को देख कुछ अन्य लोगों ने भी इस मामले में तेजी से उसके जिंदा होने की बात कहते हुए रील डालने शुरू कर दिए।
इस खबर को जिला के अलावा भी आसपास के इलाकों में खूब देखा गया। लोग एक दूसरे से इस घटना पर चर्चा भी करते दिखे। कई लोगों ने अपने अपने जान-पहचान के पत्रकार से फोन कर भी जानकारी जुटाने का प्रयास किया।
हालांकि, मौत की खबर मिलते ही लोग शांत हो गए। इधर, मामले में साइबर डीएसपी दुर्गेश दीपक ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आया है। इसकी जांच की जा रही है। जांचोपरांत अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- छठ के बाद वापसी की मारामारी, दिल्ली-मुंबई रूट की ट्रेनों में सीटें फुल; पूर्व मध्य रेलवे की क्या है तैयारी?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।