नहाय खाय के साथ सूर्योपासना का महापर्व छठ शुरू, गंडक और गंगाजल से स्नान कर व्रतियों ने किया अनुष्ठान
Chhath Puja Nahay Khay Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर में लोकआस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ 'नहाय-खाय' के अनुष्ठान के साथ शुरू हो ...और पढ़ें
-1794562129140_m.webp)
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Chhath Puja 2026: लोकआस्था और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को पारंपरिक उल्लास और पवित्रता के साथ 'नहाय-खाय' के अनुष्ठान के साथ आरंभ हो गया।
सुबह होते ही गंडक नदी के विभिन्न प्रमुख घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी। कई श्रद्धालुओं ने गंडक के पवित्र जल में डुबकी लगाकर स्नान किया, जबकि कई व्रतियों ने घरों में गंगाजल मिश्रित जल से स्नान-ध्यान कर इस कठिन अनुष्ठान की विधिवत शुरुआत की।
इसके बाद व्रतियों ने पूरी शुद्धता के साथ अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सात्विक सब्जी का प्रसाद ग्रहण किया। अब शनिवार को व्रती 'खरना' का पूजन कर भगवान सूर्य को भोग लगाएंगे और प्रसाद ग्रहण करेंगे।
बाजारों में छाई उत्सवी रौनक
छठ पर्व को लेकर मुजफ्फरपुर के शहरी इलाकों से लेकर ग्रामीण अंचलों तक पूरी तरह उत्सवी माहौल बना हुआ है। शहर के बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जहां फल, नारियल, सूप, दउरा, पीतल के बर्तन, पूजन सामग्री और पारंपरिक मिट्टी के चूल्हों की दुकानें सजी हुई हैं।
छठ पूजा में विशेष महत्व रखने वाले गागल नींबू, हल्दी, मूली, सुथनी, अदरक, गन्ना, केला और अन्य मौसमी फलों की जमकर खरीदारी हो रही है। चौक-चौराहों और गलियों में गूंजते पारंपरिक छठ गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है।
कृत्रिम घाटों का हो रहा निर्माण
नदियों के घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ और जगह की कमी को देखते हुए इस बार भी कई मोहल्लों में लोगों ने अपने स्तर से कृत्रिम घाट तैयार किए हैं।
कई जगहों पर कुदाल या जेसीबी के जरिए मिट्टी काटकर कुंड बनाए गए हैं, तो कुछ लोग अपने घरों के आंगन में पानी भरकर या छतों पर अस्थायी जलकुंड तैयार कर रहे हैं।
कई परिवारों ने अपने घरों में स्थायी जलकुंड भी बनाए हुए हैं। घरों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और पूजन सामग्रियों की व्यवस्था में परिवार का हर सदस्य पूरी तन्मयता से जुटा हुआ है।
यह भी पढ़ें- Chhath Puja 2026: कहीं नहीं दिखेगी ऐसी आस्था, बच्चों को लांघकर व्रती देती हैं आयुष्मान का आशीर्वाद
यह भी पढ़ें- Chhath Puja 2026: आज से छठ महापर्व की शुरुआत, जानिए संध्या और उषा अर्घ्य की डेट और शुभ मुहूर्त