विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BRA BU News: 248 से 550 रुपये तक लगेगी फीस, बिहार विश्वविद्यालय में इंटर्नशिप के लिए 17 एजेंसियां चयनित

Published: Tue, 21 Apr 2026 09:45 AM (IST)

बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में फिफ्थ सेमेस्टर के छात्रों को इंटर्नशिप के लिए 248 से 550 रुपये तक शुल्क देना होगा।

बिहार विश्वविद्यालय। फाइल फोटो

बिहार विश्वविद्यालय। फाइल फोटो

HighLights

  1. फिफ्थ सेमेस्टर के छात्रों को देना होगा इंटर्नशिप शुल्क

  2. ऑनलाइन इंटर्नशिप में कम, ऑफलाइन में अधिक शुल्क

  3. विश्वविद्यालय ने 17 एजेंसियों का किया चयन

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में 4 वर्षीय स्नातक कोर्स के तहत फिफ्थ सेमेस्टर में नामांकित विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के लिए न्यूनतम 248 तो अधिकतम 550 रुपये देने होंगे।

ऑनलाइन मोड में इंटर्नशिप के लिए कम शुल्क देय होगा तो ऑफलाइन के लिए विद्यार्थियों को अपेक्षाकृत अधिक शुल्क का भुगतान करना होगा। साइबर सिक्योरिटी में इंटर्नशिप के लिए विद्यार्थियों को सबसे कम शुल्क देना होगा। वहीं, रोबोटिक्स समेत अन्य सेक्टर में 550 रुपये देना होगा।

नोडल प्रभारी डॉ. टीके डे ने बताया की थ्योरी की परीक्षा के बाद इंटर्नशिप होना है। विश्वविद्यालय की ओर से ऑनलाइन व आफलाइन इंटर्नशिप के लिए कुल 17 एजेंसियां चयनित की गई हैं। इसकी सूची विश्वविद्यालय स्तर से तैयार कर ली गई है। जल्द ही इनको कॉलेज का आवंटन होगा।

वहीं शुल्क व एजेंसियों की सूची कालेजों को उपलब्ध कराते हुए इंटर्नशिप कराने का निर्देश जारी होगा। मई में इंटर्नशिप होनी है। एजेंसी विद्यार्थियों को इंटर्नशिप का सर्टिफिकेट भी देगी। महाविद्यालयों के शिक्षकों को इसके लिए मेंटर भी बनाया जाएगा।

वहीं, विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के लिए प्रेजेंटेशन भी बनाना है। उन्हें अधिकतम 40 घंटे का इंटर्नशिप कराया जाना है। इसके लिए एक सप्ताह या 10 दिन का समय निर्धारित किया जा सकता है। स्नातक फिफ्थ सेमेस्टर की थ्योरी की परीक्षा के बाद ही इंटर्नशिप प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

24 अप्रैल से थ्योरी पत्र की परीक्षा शुरू होनी है। पांच मई तक परीक्षा चलेगी। बताते हैं कि मई के दूसरे या तीसरे सप्ताह में इंटर्नशिप कराया जा सकता है। इसके लिए अलग-अलग सेक्टर के विभिन्न माड्यूल का चयन किया गया है।

इसमें स्किल डेवलपमेंट, हेल्थ सेक्टर, आइटी सेक्टर, एग्रीकल्चर सेक्टर समेत अन्य विभाग शामिल हैं। माड्यूल्स के तहत टेलरिंग, फैशन डिजाइनिंग, फूड प्रोसेसिंग, ब्यूटीशियन, योगा एंड फिटनेस, वेब डिजाइनिंग, साइबर सिक्योरिटी, कंप्यूटरीकृत एकाउंटेंसी, क्राप प्रोडक्शन, एग्रोबिजनेस एंड मैनेजमेंट समेत अन्य शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- पटना-गया में स्कूलों पर नया नियम लागू; छोटे बच्चों की क्लास टाइमिंग बदली

यह भी पढ़ें- BPSC TRE 4.0 Vacancy 2026: बिहार शिक्षक के 46595 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन कभी भी हो सकता है जारी