Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अब बिहार में होगा सत्ता परिवर्तन...महाराष्ट्र का उदाहरण देकर लोजपा (रा.) सुप्रीमो ने की नीतीश सरकार के बारे में भविष्यवाणी

    By Ajit KumarEdited By:
    Updated: Sun, 03 Jul 2022 10:37 AM (IST)

    Maharashtra Political crisis Bihar politics महाराष्ट्र अभी राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में है। इसका उदाहरण देकर लोजपा (रा.) सुप्रीमो चिराग पासवान ने सीएम नीतीश कुमार की वर्तमान एनडीए सरकार के भविष्य के बारे में सबकुछ बताया है।

    Hero Image
    सेना भर्ती की योजना में बदलाव को चिराग पासवान में गलत बताया। फोटो: जागरण

    मधुबन ( पू. चंपारण), संस। हाल में जिस तरह से महाराष्ट्र में सत्ता परिवर्तन हुआ है उसके बाद झारखंड व बिहार में भी बदलाव की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। बिहार में हाल में एक और बदलाव देखने को मिला है। एआइएमआइएम के पांच में से चार विधायक अब राजद में शामिल हो गए हैं। इस तरह से बिहार विधानसभा में एक बार फिर से राजद सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। लोजपा (रा.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह जमुई सांसद चिराग पासवान ने इसे एक बड़ा संकेत माना है। इसके आधार पर उन्होंने सीएम नीतीश कुमार की वर्तमान एनडीए सरकार के बारे में भविष्यवाणी की है। उन्होंने केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के बारे में भी खुलकर अपनी बातें रखी हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राजद को बड़ी पार्टी बनाने के पीछे कोई और

    पूर्वी चंपारण के मधुबन और फेनहारा के लिए जाते समय पहले मुजफ्फरपुर और बाद में मधुबन में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने बिहार में होने वाले बदलाव के एक-एक संकेत के बारे में विस्तार से बात की। चिराग ने कहा कि जब महाराष्ट्र में इतना बड़ा बदलाव हुआ तो निश्चित तौर पर बिहार में भी बदलाव होकर रहेगा। बिना नाम लिए कहा कि वर्तमान सरकार कभी भी जा सकती है। बोले, कभी भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनती है तो कभी राजद। यह कोई आम बात नहीं है। इसके पीछे की राजनीति को समझने के बाद यह पूरी तरह से साफ है कि पर्दे के पीछे कुछ अलग ही खिचड़ी पक रही है। इशारों में ही उन्होंने कहा कि अभी राजद सबसे बड़ी पार्टी बनी है। इसमें जो सामने होता दिखा है ठीक वैसा ही पर्दे के पीछे नहीं है। यहां किसी और ने काम किया है।

    भाजपा और जदयू में चल रही रस्साकशी

    भाजपा और जदयू में चल रही रस्साकशी को भी उन्होंने बदलाव के संकेत के रूप में देखा है। कहा, बिहार में नए राजनीतिक समीकरणों की सुगबुगाहट तेज हो गई है। ऐसे में मध्यावधि चुनाव तय है। एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि पेंशन कम करने के लिए भारतीय सेना प्रयोगशाला नहीं बन सकती है। युवाओं को जब चार साल की नौकरी दी जा रही है तो फिर सांसद-विधायकों का पेंशन क्यों दी जा रही है। इसे अविलंब बंद किया जाना चाहिए। सेना की अपनी गरिमा होती है। यह जाब देने की फैक्ट्री नहीं बन सकती है। केंद्र सरकार वन रैंक वन पेंशन की बात करती है और दूसरी तरफ उनकी पेंशन बंद करने की योजना चलाई जा रही है, यह ठीक नहीं है। उन्होंने पांच जुलाई को हाजीपुर में रामविलास पासवान की 66वीं जयंती पर आयोजित समारोह में भाग लेने की लोगों से अपील की। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि आज भी लोजपा (रा) के साथ आधार वोट मजबूूती से खड़ा है।

     

    comedy show banner
    comedy show banner