बिहार चुनाव से पहले नीतीश कुमार को झटका, एक और कद्दावर नेता ने छोड़ी JDU; बोले- NDA के साथ रहूंगा
मुजफ्फरपुर में विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट के बीच जनता दल यूनाइटेड (JDU) को झटका लगा है। जिला JDU के पूर्व अध्यक्ष ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी पर अपनी नीतियों से भटकने और कुछ लोगों द्वारा मुख्यमंत्री को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वह NDA के साथ बने रहेंगे।

अमरेन्द्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। विधानसभा चुनाव की आहट के बीच दल से आने व जाने का श्री गणेश हो गया है।
शनिवार को जिला जदयू के पूर्व अध्यक्ष रणजीत सहनी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इसकी जानकारी पत्र से पार्टी के प्रदेश व राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी।
कच्ची-पक्की स्थित एक होटल में प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के प्राथमिक और सक्रिय सदस्य होने के साथ-साथ प्रदेश जदयू राजनीतिक सलाहकार समिति से भी इस्तीफा देने की जानकारी दी।
'जदयू छोड़ा है एनडीए नहीं'
उन्होंने कहा कि वह जदयू छोड़े हैं एनडीए नहीं। किस दल में वह जायेंगे इसका फैसला समर्थक के साथ बैठक में लेंगे।
फिलहाल वह समाजिक संगठन निषाद संघर्ष मोर्चा के साथ मिलकर समाज के लिए काम करेंगे। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा को भेजे अपने इस्तीफे में पार्टी छोड़ने का कारण बताया है।
कमजोर हो गया जदयू
सहनी ने कहा कि अब जदयू अपनी घोषित नीतियों और नैतिक मूल्यों पर नहीं चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दो-चार लोग मिलकर मुख्यमंत्री को पूरी तरह भ्रमित कर अपना और अपने परिवार का हित साधने में लगे हैं, जिससे जदयू कमजोर हो गया है।
पार्टी छोड़ने की जानकारी देते पूर्व जिला अध्यक्ष रणजीत सहनी।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहले कार्यकर्ताओं की बात सुनी जाती थी, लेकिन अब उन्हें मुख्यमंत्री तक पहुंचने भी नहीं दिया जाता। सहनी ने कुछ लोगों पर भाजपा, कांग्रेस और राजद से आकर पार्टी को हाइजैक करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे संगठन प्रदेश और जिला स्तर पर कमजोर हो गया है।
दावा किया कि जदयू में अब इस्तीफे का दौर शुरू हो गया है। इससे पहले भी वरिष्ठ नेता ठाकुर हरिकिशोर सिंह और प्रदेश जदयू राजनीतिक सलाहकार समिति के सदस्य अवध किशोर पटेल ने भी इस्तीफा दे दिया है।
इससे पहले जदयू संगठन में बदलाव को लेकर चिंतन शिविर का आयोजन कर चुके हैं। उस समय राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व केन्द्रीय मंत्री आरसीपी सिंह थे।
इनकी रही भागीदारी
इस पत्रकार सम्मेलन में निषाद संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष वीरेंद्र सहनी, शिशिर कुमार नीरज, सुनील कुमार चौधरी, शिवशंकर साह, मनोज सहनी, ब्रह्मानंद सहनी, उपेंद्र निषाद, केदार सहनी, रामबाबू सहनी, प्रेम सहनी, संतोष निषाद, सत्यनारायण सहनी आदि शामिल रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।