Bihar News: मुजफ्फरपुर के बोचहां में पुलिस टीम पर हमला, थानाध्यक्ष समेत आधा दर्जन जवान जख्मी
Bihar News मुजफ्फरपुर के बोचहां थाना क्षेत्र में मकान निर्माण रोकने गई पुलिस टीम पर हमला हुआ। जिसमें थानाध्यक्ष समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। भूमि विवाद के चलते सीओ द्वारा एक पक्ष को निर्माण कार्य करने की अनुमति देने पर दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया। इसके बाद थाना में शिकायत पहुंची। पुलिस के पहुंचने पर घटना हुई।

संवाद सहयोगी, बोचहां(मुजफ्फरपुर)। Bihar News: थाना क्षेत्र के बल्थी रसूलपुर में रविवार की दोपहर निर्माण कार्य रोकने गई पुलिस टीम पर एक पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। इसमें थानाध्यक्ष राकेश कुमार, महिला सिपाही कंचन कुमारी समेत आधा दर्जन पुलिसकर्मी चोटिल हो गए।
सूचना के बाद भारी संख्या में पहुंचे अतिरिक्त पुलिस बल ने पथराव कर रहे उपद्रवियों को खदेड़ते हुए पांच लोगों को हिरासत में लिया है। जख्मी थानेदार व महिला सिपाही समेत अन्य को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि बल्थी रसूलपुर में सविता कुमारी व आदित्य कुमार ठाकुर के बीच भूमि विवाद का मामला न्यायालय में चल रहा है। आरोप है कि इसके बावजूद सीओ की ओर से एक पक्ष को मकान निर्माण करने की अनुमति दे दी गई थी।
सविता कुमारी के विरोध के बाद भी दूसरे पक्ष के लोग निर्माण कार्य कर रहे थे। माहौल बिगड़ने के बाद इसकी सूचना थाने को दी गई। इसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस को देखते ही एक पक्ष के लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। इसमें आधा दर्जन पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि हमला करने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। हिरासत में लिए गए आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।