बिहार के मेडिकल कॉलेजों में बदली व्यवस्था, अब नियमित प्राध्यापक या सीनियर डॉक्टर ही बनेंगे एचओडी
Bihar Medical College HOD Rule: बिहार के सभी मेडिकल कॉलेजों में अब केवल नियमित प्राध्यापक या वरिष्ठ चिकित्सक ही विभागाध्यक्ष बन सकेंगे। यह निर्णय स्वास्थ्य विभाग ने पढ़ाई और मरीजों के बेहतर इलाज के लिए लिया है।

वर्तमान में एसकेएमसीएच के कुछ विभागों में कनीय चिकित्सक प्रभारी विभागाध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Bihar Health Department Order: श्रीकृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल समेत राज्य के सभी मेडिकल कालेज के विभिन्न विभागों में अब केवल नियमित प्राध्यापक या सीनियर चिकित्सक ही विभागाध्यक्ष बनेंगे।
विभागाध्यक्ष के चयन की जिम्मेदारी प्राचार्य को सौंपी गई है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी सह संयुक्त सचिव रेणु कुमारी ने सभी मेडिकल कालेज के प्राचार्यों को इस संबंध में निर्देश जारी किया।
वरीयता क्रम लागू
इस आदेश के बाद एसकेएमसीएच के कई विभागों में विभागाध्यक्षों के बदले जाने की संभावना है। स्वास्थ्य विभाग के पत्र के अनुसार अब किसी भी विभाग की कमान संविदा या कनीय चिकित्सकों के हाथ में नहीं रहेगी।
विभाग ने नेशनल मेडिकल कमीशन के मानकों के आधार पर नियमित प्राध्यापकों और वरीयता क्रम को सख्ती से लागू करने को कहा है।
बदलेगा विभागों का प्रभार
वर्तमान में एसकेएमसीएच के कुछ विभागों में वरीयता क्रम की अनदेखी या तकनीकी कारणों से कनीय चिकित्सक प्रभारी विभागाध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे हैं।
इस निर्देश के बाद फेरबदल की स्थिति बन रही है और कालेज प्रशासन ऐसे विभागों की सूची तैयार कर रहा है, जहां नए सिरे से प्रभार सौंपा जाना है।
पढ़ाई और इलाज में सुधार
स्वास्थ्य विभाग के इस निर्णय का उद्देश्य मेडिकल कालेज में पढ़ाई का स्तर सुधारना और मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। प्राचार्य डा. कुमारी विभा ने बताया कि वरिष्ठ चिकित्सकों के विभागाध्यक्ष बनने से प्रशासनिक नियंत्रण मजबूत होगा और पीजी व यूजी छात्रों के प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस बाबत आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी।