Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar Crime: घर में मिला शव, आंख फोड़ी...सिर पर भी चोट; पत्नी पर जाकर अटकी हत्या की गुत्थी

    By Rajeev Ranjan Edited By: Rajesh Kumar
    Updated: Sun, 20 Jul 2025 03:02 PM (IST)

    बिहार के कांटी थाना क्षेत्र में एक युवक धर्मेंद्र कुमार राय का शव उसके घर से बरामद हुआ। परिजनों ने पत्नी खुशबू कुमारी पर हत्या का आरोप लगाया है। खुशबू को पूछताछ के बाद पीआर बांड पर रिहा कर दिया गया है। धर्मेंद्र के भाई ने प्रेम विवाह और पारिवारिक कलह की बात बताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज से मामला उलझ गया है।

    Hero Image
    बिहार के कांटी थाना क्षेत्र में एक युवक, धर्मेंद्र कुमार राय, का शव उसके घर से बरामद हुआ। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, कांटी। थाना क्षेत्र के सदातपुर सुधा डेयरी के पास शनिवार को ललन राय के पुत्र धर्मेंद्र कुमार राय का शव उसके घर से बरामद किया गया। शव से तेज बदबू आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। युवक सुधा डेयरी में एक ठेकेदार के यहां चालक का काम करता था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    धर्मेंद्र के परिजनों ने उसकी पत्नी खुशबू कुमारी पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में आवेदन दिया है। शव मिलने के बाद लापता युवक की पत्नी बच्चों के साथ देर शाम कांटी थाने पहुंची। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे पीआर बांड पर छोड़ दिया है।

    मामले की जांच की जा रही है। धर्मेंद्र के बड़े भाई मिथिलेश राय ने बताया कि धर्मेंद्र ने करीब पांच साल पहले प्रेम विवाह किया था। खुशबू समस्तीपुर के रोसड़ा की रहने वाली है। पहले से शादीशुदा खुशबू पिछले कुछ वर्षों से सदातपुर के पास आकर रह रही थी।

    यहीं उसकी मुलाकात धर्मेंद्र से हुई थी। इसके बाद दोनों ने शादी कर ली। लोगों ने बताया कि खुशबू के पूर्व पति से तीन बच्चे हैं। दिव्यांग बेटी अपने मायके में रहती है। खुशबू दो बेटों के साथ धर्मेंद्र के साथ रहती थी। शादी के बाद धर्मेंद्र की अपने परिवार वालों से नहीं बनती थी। वह सुधा डेयरी के सामने फोरलेन के किनारे बने मकान में पत्नी के साथ अलग रहता था। यहां उसका क्षत-विक्षत शव मिला।

    मिथिलेश राय ने बताया कि धर्मेंद्र और उसकी पत्नी में अक्सर झगड़ा और मारपीट होती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि खुशबू ने तीन दिन पहले धर्मेंद्र की हत्या कर दी। इसके बाद वह बच्चों को लेकर भाग गई। उन्होंने बताया कि धर्मेंद्र के सिर के पिछले हिस्से में चोट थी, उसकी आंखें फोड़ दी गई थीं। उसके पूरे शरीर पर करंट लगने और गंभीर चोटों के निशान थे। संवेदनशील अंगों में सूजन थी। खुशबू पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

    सीसीटीवी फुटेज ने उलझाया मामला, उठ रहे सवाल

    घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी पश्चिमी वन सुचित्रा कुमारी स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एफएसएल की टीम ने भी कमरे की जांच की। यहां एक सल्फास की डिब्बी बरामद की गई। आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच करने पर खुशबू कुमारी 17 जुलाई की सुबह 10:30 बजे हाथ में थैला लिए अपने दो बच्चों के साथ फोरलेन की ओर जाती दिखी। उसके पीछे धर्मेंद्र भी बाइक से जाता दिखा।

    इसके बाद करीब डेढ़ घंटे में कई बार धर्मेंद्र बाइक से आता-जाता दिखा। दोपहर 12:03 बजे के बाद उसका फुटेज नहीं दिखा। इससे खुशबू पर धर्मेंद्र के भाई द्वारा लगाए गए हत्या के आरोप का मामला उलझ गया। ऐसा इसलिए भी हुआ क्योंकि खुशबू देर शाम बच्चों के साथ थाने पहुंची थी। डीएसपी सुचित्रा कुमारी और थानेदार रविकांत पाठक ने उससे काफी देर तक पूछताछ की।

    महिला ने बताया कि 17 जुलाई को उसके पति ने उसे दिल्ली जाने की बात कही थी। इस पर वह अपने पति की सहमति से मायके जाने की बात कहकर घर से निकली। उसके पति ने खुद उसे ऑटो पकड़ाया। बाद में वह बस पकड़कर समस्तीपुर के रोसड़ा स्थित अपने मायके चली गई। पति के एक दोस्त द्वारा मोबाइल पर घटना की जानकारी देने के बाद वह वापस लौटी।

    शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि धर्मेंद्र से पहले खुशबू की शादी हुई थी। उससे उसके तीन बच्चे हैं। भाई के बयान से भी उठ रहे सवाल: धर्मेंद्र के बड़े भाई मिथिलेश राय ने बताया कि खुशबू ने ही हत्या की है। उसने बताया कि वह अपना मोबाइल यहीं छोड़ गई थी। वह धर्मेंद्र के साथ गई थी। उस मोबाइल से वह उसके दूसरे ड्राइवर दोस्त से धर्मेंद्र के काम पर आने के बारे में पूछती रही।

    उसने उसे बताया कि वह दिल्ली जा रही है। यह जानकारी धर्मेंद्र का शव मिलने के बाद उसके दोस्तों ने दी। उन्होंने उस पर किसी अन्य युवक से संबंध होने का भी आरोप लगाया। उसका वीडियो भी पुलिस को दिया गया है। उन्होंने बताया कि इसे लेकर दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। लेकिन जब उससे पूछा गया कि खुशबू का फुटेज रोसड़ा जाते हुए दिख रहा है, तो उसने कहा कि घर के पीछे से एक रास्ता है। वहां कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। हो सकता है कि वह उसी रास्ते से आई हो और धर्मेंद्र की हत्या कर दी हो।

    अब सवाल यह उठता है कि खुशबू अकेले कैसे आ सकती थी और धर्मेंद्र को इतनी आसानी से मार सकती थी कि किसी को जानकारी भी नहीं होती। धर्मेंद्र के शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था। मिथिलेश के अनुसार सिर में छेद है और आंख क्षतिग्रस्त हो गई है। करंट लगने की भी आशंका है।

    यहां भी सवाल उठता है कि क्या धर्मेंद्र चिल्लाया नहीं होगा। खुशबू पर सीधे आरोप लगाकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। बयान 'शरीर से आ रही अत्यधिक दुर्गंध से लगता है कि मौत दो-तीन दिन पहले हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

    फिलहाल पंचनामा व पोस्टमार्टम तैयार कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। मृतक के भाई के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। उसकी पत्नी को पीआर बांड पर छोड़ दिया गया है।' सुचित्रा कुमारी, डीएसपी पश्चिमी

    comedy show banner
    comedy show banner