Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Muzaffarpur News: कांटी में युवक की हत्या, स्वजन ने युवक की पत्नी पर लगाया हत्या का आरोप, पांच वर्ष हुआ था प्रेम विवाह

    Updated: Sun, 20 Jul 2025 03:30 PM (IST)

    Muzaffarpur News मृत युवक धर्मेंद्र के स्वजन ने उसकी पत्नी खुशबू कुमारी पर ही अपने पति की हत्या का आरोप लगाया। घटना के बाद से आरोपित और उसके बच्चे के नहीं होने से इसको बल मिला। हालांकि युवक की पत्नी देर शाम कांटी थाना पहुंची। पुलिस ने उससे पूछताछ की। इस दौरान उसने पति की सहमित से जाने की बात कही। इसके बाद उसे पीआर बांड पर छोड़ दिया गया।

    Hero Image
    घटना के बाद विलाप करते स्वजन। जागरण

     संवाद सहयोगी, कांटी (मुजफ्फरपुर)। Muzaffarpur News: थाना क्षेत्र के सदातपुर सुधा डेयरी के समीप शनिवार को ललन राय के पुत्र धर्मेंद्र कुमार राय का शव उसके घर से बरामद हुआ। शव से तेज दुर्गंध आने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। युवक सुधा डेयरी में एक ठेकेदार के लिए चालक का काम करता था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    धर्मेंद्र के स्वजन ने उसकी पत्नी खुशबू कुमारी पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाना में आवेदन दिया है। शव मिलने के बाद से बच्चों के साथ लापता युवक की पत्नी देर शाम कांटी थाना पहुंची। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे पीआर बांड पर छोड़ दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

    धर्मेंद्र के बड़े भाई मिथिलेश राय ने बताया कि लगभग पांच साल पहले धर्मेंद्र ने प्रेम विवाह किया था। खुशबू समस्तीपुर के रोसड़ा की रहने वाली है। पूर्व से विवाहित खुशबू पिछले कुछ वर्षों से सदातपुर के पास आकर रहती थी। यहीं उसका परिचय धर्मेंद्र से हुआ। उसके बाद दोनों ने शादी कर ली।

    लोगों ने बताया कि खुशबू के पूर्व पति से ही तीन बच्चे हैं। दिव्यांग बेटी ननिहाल में रहती है। खुशबू दो बेटों के साथ धर्मेंद्र के साथ रहती थी। शादी के बाद से धर्मेंद्र का परिवार के लोगों से नहीं बना। वह उनसे अलग सुधा डेयरी के सामने फोरलेन किनारे घर बनाकर पत्नी के साथ रहता था। यही उसका सड़ा गला शव मिला।

    मिथिलेश राय ने बताया कि धर्मेंद्र और उसकी पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा और मारपीट होती थी। आरोप लगाया कि खुशबू ने ही तीन दिन पहले धर्मेंद्र की हत्या कर दी। इसके बाद बच्चों के साथ फरार हो गई। उसने बताया कि धर्मेंद्र के सिर के पीछे चोट थी, आंखें फूटी हुई थीं। पूरे शरीर पर बिजली के करंट लगने व गंभीर चोटों के निशान थे। नाजुक अंग में सूजन था। खुशबू पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाना में प्राथमिकी का आवेदन दिया है।

    घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ डीएसपी पश्चिमी वन सुचित्रा कुमारी मौके पर पहुंच जांच शुरू की। एफएसएल की टीम ने भी कमरे की जांच पड़ताल की। यहां एक सल्फास का डब्बा बरामद हुआ। आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल में 17 जुलाई की सुबह साढ़े दस बजे खुशबू कुमारी अपने दो बच्चों के साथ हाथ में झोला लेकर फोर लेन की ओर जाते हुए दिखी।

    उसके पीछे-पीछे धर्मेंद्र भी बाइक से जाते हुए दिखा। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे के बीच धर्मेंद्र कई बार बाइक से इधर-उधर आते-जाते दिखा। दोपहर 12:03 बजे के बाद उसका फुटेज दिखाई नहीं दिया। इससे धर्मेंद्र के भाई द्वारा खुशबू पर हत्या के आरोप को लेकर मामला उलझ गया। यह इसलिए भी कि देर शाम खुशबू बच्चों के साथ थाना पहुंची।

    डीएसपी सुचित्रा कुमारी और थानाध्यक्ष रविकांत पाठक ने उससे लंबी पूछताछ की। महिला ने बताया कि 17 जुलाई को उसके पति ने दिल्ली जाने की बात बताई थी। इस पर वह मायके घूमने की बात कहकर पति की मर्जी से घर से निकली थी। पति ने ही उसे आटो पकड़वाया था।

    वह बाद में बस पकड़कर समस्तीपुर के रोसड़ा स्थित अपने मायके चली गई थी। पति के एक दोस्त द्वारा मोबाइल पर घटना की जानकारी देने के बाद वह लौटी है। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी पता चला है कि खुशबू की धर्मेंद्र से पहले शादी हो चुकी थी। उससे ही तीन बच्चे हैं।

    धर्मेंद के बड़े भाई मिथिलेश राय ने बताया कि खुशबू ने ही हत्या की है। उसने कहा कि वह अपना मोबाइल यहीं छोड़ गई थी। धर्मेंद्र का साथ लेती गई। उस मोबाइल से वह उसके दूसरे चालक साथी से धर्मेंद्र के काम पर आने की बात पूछती रहती थी। खुद को दिल्ली जाने की बात बताती।

    धर्मेंद्र का शव मिलने के बाद यह जानकारी उसके साथियों ने दी। उसने दूसरे युवक से भी उसके संबंध का आरोप लगाया। उसका वीडियो भी पुलिस को दिया गया है। बताया कि इसे लेकर भी दोनों में विवाद होता था। मगर जब उससे यह पूछा गया कि खुशबू का रोसड़ा जाते हुए फुटेज दिखा है तो उसने कहा कि घर के पीछे से एक रास्ता है। उधर सीसी कैमरा नहीं लगा है।

    संभव है कि वह उस रास्ते से आकर धर्मेंद्र की हत्या कर दी हो। अब सवाल यह उठ रहा कि खुशबू अकेले आकर धर्मेंद्र की हत्या आसानी से कैसे करती कि किसी को जानकारी नहीं मिलती। धर्मेंद्र के शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था। मिथिलेश के अनुसार सिर में छेद है और आंख फोड़ी गई है। करंट लगाने की भी आशंका है। यहां भी सवाल उठ रहा कि क्या धर्मेंद्र चिल्लाया नहीं होगा। सीधा खुशबू पर आरोप लगाए जाने से भी सवाल उठ रहे हैं।

    शव से आ रही अत्यधिक दुर्गंध से लगता है कि मौत दो-तीन दिन पहले हुई है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल, शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। मृतक के भाई के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। उसकी पत्नी को पीआर बांड पर छोड़ दिया गया है।’

    सुचित्रा कुमारी, डीएसपी पश्चिमी वन

    comedy show banner
    comedy show banner