बिहार में बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म, घर से बहला-फुसलाकर ले जाने के बाद आरोपितों ने दिया घटना को अंजाम
Bihar Crime सदर थाना क्षेत्र में 10 वर्ष की बच्ची के साथ हुई गंदी हरकत। घर से बहला फुसलाकर ले जाने के बाद दो आरोपितों ने घिनौनी हरकत की। सदर थाने में दोनों आरोपितों को नामजद करने के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बच्ची से दुष्कर्म की जानकारी नहीं देने पर सिटी एसपी ने थानाध्यक्ष को लगाई फटकार।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Bihar Crime: सदर थाना क्षेत्र के एक इलाके की रहने वाली 10 वर्षीय बच्ची को घर से बहला फुसलाकर साथ ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। मामला सामने आने के बाद बच्ची की मां ने सदर थाने में प्राथमिकी कराई है। इसमें दो लोगों को नामजद किया है।
प्राथमिकी में सकरा थाना क्षेत्र के रहने वाले अल्ताफ और पातेपुर इलाके के शिवनाथ को आरोपित किया गया है। सिटी एसपी कोटा किरण कुमार ने बताया कि बच्ची के साथ गलत किया गया है। मामले में दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मेडिकल जांच व कोर्ट में बयान दर्ज कराकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दिए गए आवेदन में बच्ची की मां ने कहा कि गुरुवार की रात आरोपित उनकी बच्ची को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गए। इसके बाद दोनों आरोपितों ने बारी-बारी से बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। विलंब तक पुत्री के घर नहीं आने पर स्वजन चितिंत हो गए। इसके बाद आरोपितों ने उसे घर पर लाकर छोड़ दिया।
बाद में पुत्री से उन्हें घटना की जानकारी मिली। इसके बाद बच्ची की मां ने सदर थाने में प्राथमिकी कराई। सदर थानाध्यक्ष अस्मित कुमार ने बताया कि घटना सामने आने के बाद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची का मेडिकल जांच व कोर्ट में बयान दर्ज कराने की कवायद कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घटना की सूचना नहीं देने पर थानाध्यक्ष को फटकार
मुजफ्फरपुर : सामूहिक दुष्कर्म जैसी घटना की सूचना सदर थानाध्यक्ष अस्मित कुमार ने वरीय पुलिस अधिकारियों को नहीं दी। दूसरे माध्यम से घटना की जानकारी मिलने के बाद सिटी एसपी कोटा किरण कुमार ने सदर थानाध्यक्ष को फटकार लगाई। साथ ही भविष्य में इस तरह की गलती मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।