ब्लैकमेल से तंग आकर नाबालिग लड़की ने की आत्महत्या, आरोपी प्रेमी को देवरिया से उठा ले गई असम पुलिस
मुजफ्फरपुर में असम पुलिस ने देवरिया थाना क्षेत्र से पॉक्सो एक्ट के आरोपी गौतम कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी पर एक किशोरी की अश्लील तस्वीरें बनाकर उसे ब्लैकमेल करने का आरोप है जिसके कारण किशोरी ने आत्महत्या कर ली थी। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाया गया है।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। असम के डिब्रूगढ़ थाने की पुलिस ने देवरिया थाना के माधोपुर धरफरी इलाके से पॉक्सो एक्ट के आरोपित गौतम कुमार उर्फ गौतम साह को गिरफ्तार कर एसीजेएम-एक पश्चिमी की अदालत में पेश किया। अदालत के आदेश पर पांच दिनों के लिए ट्रांजिट रिमांड लेकर असम पुलिस रवाना हो गई।
बताया गया कि आरोपित के पिता असम में दुकान चलाते थे। आरोपित भी वहीं रहता था। इस बीच आरोपित को वहीं की एक किशोरी से प्रेम हो गया। कुछ दिनों बाद आरोपित ने उसकी अश्लील तस्वीर और वीडियो बना ली, फिर इसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देकर यौन संबंध बनाने का दवाब दे रहा था। कई बार आरोपित से मिलकर आरजू-मिन्नत करने के बाद भी वह नहीं माना।
अंत में परेशान होकर किशोरी ने 26 जून को अपने घर के कमरे में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मामले में किशोरी के पिता ने 29 जून को डिब्रूगढ़ थाने में प्राथमिकी कराई थी। इसमें देवरिया माधोपुर धरफरी निवासी आरोपित गौतम कुमार उर्फ गौतम साह समेत अन्य को आरोपित किया था।
असम पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपित पिता के साथ अपने घर भाग आया था। पुलिस आराेपित की लगातार तलाश में थी। वैज्ञानिक जांच और अन्य तकनीकी पहलुओं के आधार पर असम पुलिस ने देवरिया थाने की पुलिस के सहयोग से आरोपित के घर पर दबिश दी। आरोपित भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन मजबूत घेराबंदी के कारण आरोपित पकड़ा गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।