जंगलराज के बाद अब बिहार में गुंडा राज, नेता प्रतिपक्ष ने सीएम नीतीश के लिए कही बड़ी बात
Bihar politics विजय सिन्हा ने सूबे में अपराध बढ़ने का लगाया आरोप जदयू के लिए चंदा वसूलने वाला मांग रहा डेढ़ करोड़ रंगदारी। सत्ता और पुलिस का संरक्षण मिलने से बढ़ा अपराध सरकार नियंत्रण करे नहीं तो आंदोलन।
मुजफ्फरपुर, जासं। शहर के कपड़ा कारोबारी रंजन कुमार से डेढ़ करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने के मामले में राज्य के नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने सरकार पर हमला बोला है। भाजपा के जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि राज्य में जंगलराज के बाद अब गुंडा राज कायम हो गया है। इस तरह की रंगदारी मुजफ्फरपुर में पहले नहीं मांगी गई थी। जदयू के लिए दो-दो हजार रुपये चंदा वसूलने वाले अभिषेक पटेल और सुबोध पटेल उर्फ डब्बू पटेल ने व्यापारी से डेढ़ करोड़ की रंगदारी मांगी। यही नहीं कारोबारी की दुकान में ताला लगाकर कहा, चाबी एसएसपी से ले लेना। यह इसलिए कह रहा कि भाजपा हट गई है और अपराधी और भ्रष्टाचारी के बोलबाला वाली सरकार आ गई है। यहां उसे पूरा संरक्षण मिलेगा।
शराबबंदी वाले राज्य में नशे का धंधा
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुहल्ले में जानकारी मिली की दाेनों स्मैक का धंधा करते हैं। शराबबंदी वाले राज्य में शहर को नशाखोरी में लिप्त करने वाला गैंग चलाया जा रहा है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने कहा राज्य में अपराध की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इसमें सत्ता से जुड़े एक पार्टी के कार्यकर्ता आरोपित हैं। अपराधी, स्मैक धंधेबाज और भू-माफिया के गठजोड़ से व्यापारी भयभीत हैं। इसलिए ना बचाते हैं ना फंसाते हैं की नीति पर चलने वाले मुख्यमंत्री हाल के दिनों में हुए अपराध के मामलों की उच्चस्तरीय जांच कराएं। व्यापारियों को सुरक्षा प्रदान करें। ऐसा नहीं हुआ तो यह माना जाएगा कि अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है। वहीं भाजपा भी इसे सहन नहीं करेगी। बिहार से जंगलराज खत्म किया था, गुंडा राज को भी समाप्त करेंगे।
जाति के जहर की खेती से नहीं बरगलाएं
भाजपा नेता ने कहा कि वे जब विधानसभा अध्यक्ष थे तब भी पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ आवाज उठाई। शासन का धर्म सेवा होता है। अपराधियों की कोई जाति नहीं होती। इसलिए अपराधी को जाति से नहीं जोड़ा जाए। बेगूसराय की घटना को लेकर मुख्यमंत्री के बयान पर उन्होंने कहा, जाति के जहर से लोगों को नहीं बरगलाएं। प्रेस वार्ता में दरभंगा विधायक संजय सरावगी, पूर्व मंत्री सुरेश कुमार शर्मा, जिलाध्यक्ष रंजन कुमार, प्रदेश महामंत्री बेबी कुमार आदि मौजूद थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।