बिहार के पश्चिम चंपारण में मिला एक अजीबो-गरीब कीड़ा, लोगों ने रखे दिलचस्प नाम
Bihar News हरनाटांड के काला बैरिया में मिला ऐसा कीड़ा जिसका किसी ने की पूजा तो कुछ ने कहा शैतान। विशेषज्ञों ने बताया एटलस मॉथ कीट इससे पहले झारखंड के पलामू जिले में मिली यह इस कीड़े की प्रजाति।

बगहा (पचं), जासं। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व हरनाटांड वन क्षेत्र के काला बैरिया में एक अजीब प्रकार कीड़ा देखने को मिला है। इसे देख ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गई। कोई इसे वन देवी का अवतार मान रहा था तो काेई शैतान का स्वरूप। कुछ लोगों ने घी के दीये जलाए, अगरबत्ती दिखाकर पूजा करने लगे। छोटे सांप जैसे आकार का यह दुर्लभ कीड़ा रविवार की रात्रि में गांव के बुधराम महतो के घर बल्ब के पास आकर बैठ गया। पहले तो लोग इसे सांप समझ रहे थे, लेकिन जब पास से देखने लगे तो इसका रंग रूप और आकार बिल्कुल अलग दिखा। जिसके बाद ग्रामीणों में दहशत मच गई।
अचानक भय का माहौल
पूजा-पाठ के साथ भय का माहौल भी बन गया। इसकी सूचना मिलने के बाद डब्लूडब्लूएफ के एरिया कोऑर्डिनेटर कमलेश मौर्या अपने टीम के साथ पहुंचे। जिसे देखने के बाद बताया कि यह दुर्लभ प्रजाति का एटलस मॉथ कीट है। जिसकी लंबाई करीब नौ सेंटी मीटर है। इस प्रजाति के नर की लंबाई इससे छोटी होती है। उन्होंने बताया कि इसके बारे में नहीं जानने वाले लोग इसे देख कर नजर अंदाज कर सकते हैं, लेकिन यह खुशनसीब लोगों को दिखाई देता है। इससे पहले यह झारखंड के पलामू में मिला था। उन्होंने बताया कि इसे एटलस मॉथ कहते हैं।
बहुत ही दुर्लभ है यह कीड़ा
यह दुनिया में पाये जाने वाले पतंगों में सबसे बड़ा है। यह कीट असल में बहुत दुर्लभ है और दिन के समय यह शायद ही कभी दिखाई देता है। यह रात में निकलने वाला कीट हैं। एटलस मॉथ जून से अगस्त के अंत तक दिखाई देते हैं। इसके अंडे 10 से 14 दिन के बीच फूटते हैं। 35 से 40 दिन तक कैटरपिलर की स्थिति में रहता है। प्यूपा से बड़ा पतंगा बनने में 21 दिन लगते हैं और पूरे आकार में आने पर इसका जीवन चक्र दस दिन से अधिक नहीं होता। अंधेरे में उड़ने वाला एटलस मॉथ रात में किसी बल्ब को देखकर रुक जाता है और कई दिनों तक वहीं बैठा रहता है। यह सबसे बड़े कीटो में से एक है। जब इसको खतरा महसूस होता है तो शिकारियों को डराने के लिए यह सांप के सिर की तरह दिखने वाले पंख फड़फड़ाता है। इस प्रकार इसके पंख को देखकर शिकारी भाग जाते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।